मौसम की मार से बलरामपुर बेहाल, आंधी-बारिश के बाद डीएम ने उठाया बड़ा कदम

बलरामपुर में मौसम के कहर के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। तीन दिनों से जारी आंधी-तूफान और भारी बारिश से बिगड़े हालात को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। अब राहत और बचाव कार्यों के लिए पूरा प्रशासन अलर्ट मोड में रहेगा।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 28 September 2026, 4:38 AM IST

Balrampur: जिले में पिछले तीन दिनों से जारी आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। जगह-जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों में आवाजाही और बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।

हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 का प्रयोग करते हुए जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं।

​जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सभी विभागीय अधिकारी और कर्मचारी बिना किसी देरी के 24 घंटे फील्ड में डटे रहें। भारी वर्षा और तेज हवाओं के कारण हुए नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ राहत और मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चलाने को कहा गया है।

विद्युत लाइनों जल्द दुरुस्त करने के निर्देश

बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, बाढ़ खंड और तहसील प्रशासन को आपस में बेहतर तालमेल बनाकर सड़कों से गिरे हुए पेड़ों को हटाने और क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

XUV से करते थे डीजल का धंधा, पुलिस ने बिछाया जाल तो बलरामपुर में खुल गया डीजल चोर गैंग का राज

राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

​राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए जेसीबी, डंपर, क्रेन और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसी भारी मशीनों और पर्याप्त श्रमिकों को तुरंत तैनात करने के आदेश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर निजी और अन्य गैर-सरकारी संसाधनों का अधिग्रहण करने की भी छूट दी गई है।

तूफान ने बिजली व्यवस्था की तोड़ दी कमर! बलरामपुर में 470 पोल गिरे, 45 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर भी तबाह

जीवन को पटरी पर लाना प्राथमिकता

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि प्रभावित क्षेत्रों में जीवन को पटरी पर लाना पहली प्राथमिकता है, और इस काम में किसी भी स्तर पर पाई गई ढिलाई या लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Balrampur

Published :  28 September 2026, 4:37 AM IST