एक जमीन, दो दावे और सुलगता तनाव: बलिया के इस मंदिर-कब्रिस्तान विवाद में पुलिस के पहुंचते ही टला बड़ा हादसा

बलिया में एक जमीन, दो दावे और उसके बाद मौके पर बढ़ता तनाव नगरा में रविवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सिकंदरपुर रोड पर संचिराय्या माता मंदिर के पास जमीन के मालिकाना हक और उसके इस्तेमाल को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 20 September 2026, 8:16 PM IST

Ballia: बलिया में जमीन के एक टुकड़े पर मालिकाना हक को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया। संचिराय्या माता मंदिर के पास हुए इस विवाद में कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे के आरोपों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया, हालांकि पुलिस और प्रशासन ने समय रहते मौके पर पहुंचकर हालात को संभाल लिया।

मामला नगरा क्षेत्र के सिकंदरपुर रोड के दक्षिणी हिस्से में स्थित जमीन से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि यहां करीब दो डेसिमल जमीन ‘संचिराय्या स्थान’ के नाम से राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है। इस स्थान पर मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है।

इसी जमीन के मालिकाना हक और इस्तेमाल को लेकर रविवार को दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।

कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे का आरोप

विवाद के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों की ओर से आरोप लगाया गया कि कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि संचिराय्या स्थान से सटी करीब ढाई बीघा जमीन कब्रिस्तान के तौर पर दर्ज है। इसी परिसर में कर्बला भी स्थित होने की बात कही गई है।

दूसरी ओर, मौके पर मौजूद लोगों ने जमीन के अलग-अलग हिस्सों के राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज होने की बात कही। बताया गया कि मंदिर के पास करीब चार डेसिमल जमीन उस्मान के नाम से पंजीकृत है। इसी जमीन और आसपास के क्षेत्र को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद सामने आया।

ये भी पढ़ें: Ballia News: शौच के लिए गए बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, मुंह से झाग और नीले पड़े शरीर ने खड़े किए कई सवाल

दोनों पक्षों के लोग मौके पर जुटे

विवाद की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए। एक पक्ष की ओर से VHP नेता राजीव सिंह चंदेल समेत अन्य लोग मौजूद रहे, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से उस्मान और अन्य लोग मौके पर थे। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की।

नायब तहसीलदार और पुलिस ने संभाला मोर्चा

मामले की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार दुर्गेश गौड़ और नगरा पुलिस मौके पर पहुंचे। नगरा थाने के SSI प्रभाकर शुक्ला ने भी पुलिस टीम के साथ स्थिति का जायजा लिया।अधिकारियों ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और किसी भी तरह का विवाद बढ़ाने से बचने को कहा। प्रशासन की मौजूदगी के बाद मौके पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: Ballia News: आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, एक घायल

राजस्व रिकॉर्ड की हो रही जांच

प्रशासन की ओर से फिलहाल जमीन से जुड़े राजस्व अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड के आधार पर जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाएगी। वहीं, VHP रासरा ब्लॉक अध्यक्ष राजीव सिंह चंदेल ने कहा कि संचिराय्या माता मंदिर की करीब दो डेसिमल जमीन पर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस काम को लेकर जान-बूझकर विवाद खड़ा करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल प्रशासन की जांच पूरी होने के बाद ही जमीन के मालिकाना हक और इस्तेमाल को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, ताकि विवाद दोबारा न बढ़े।

Location :  Ballia

Published :  20 September 2026, 8:16 PM IST