
प्रेमचंद राजभर की मौत से हड़कंप (Image Source: Dynamite News)
Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में दो दिन से लापता एक मजदूर का शव गांव के पोखरे में उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने गया था, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। शुक्रवार सुबह पोखरे में शव मिलने की सूचना पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है।
मामला फेफना थाना क्षेत्र के मिठवार गांव के मढ़ाई टोला का है। यहां के निवासी प्रेमचंद राजभर (40), पुत्र स्वर्गीय हरि राजभर, मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में पांच स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। बुधवार को प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान प्रेमचंद अपनी बस्ती की प्रतिमा लेकर जाने वाली समिति के साथ देर शाम निकले थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला।
प्रेमचंद के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। दो दिनों तक उनकी तलाश जारी रही। इस बीच शुक्रवार की सुबह गांव में उनके शव मिलने की खबर फैल गई।
शिवा शर्मा केस में कोर्ट का बड़ा फैसला, मॉडल श्रद्धा और दो अन्य की जमानत अर्जी खारिज
शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण शौच और टहलने के लिए गांव स्थित बाबा के पोखरे की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में उतराते एक शव पर पड़ी। शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में हलचल मच गई। लोगों ने तत्काल डायल 112 पर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर फेफना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोखरे से बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान प्रेमचंद राजभर के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
सावधान! PUC नहीं है तो भूल जाएं पेट्रोल डीजल, 1 नवंबर से नियम लागू
प्रेमचंद की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह मजदूरी करके परिवार की जरूरतें पूरी करते थे। उनके परिवार में पत्नी तारा देवी, दो बेटे और एक बेटी हैं। परिवार के लिए रोजी-रोटी का सहारा रहे प्रेमचंद की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पोखरे से बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर गांव में शोक है और सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
Location : Ballia
Published : 23 October 2026, 4:49 PM IST