मानसून से पहले नहीं पूरा हुआ कटहल नाला तो होगी बड़ी कार्रवाई! आखिर बलिया में ऐसा क्या हुआ?

बलिया में कटहल नाला निर्माण की धीमी रफ्तार अब अधिकारियों के लिए बड़ी चिंता बन गई है। प्रशासन ने सख्त चेतावनी देते हुए साफ कर दिया है कि समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है। निरीक्षण के दौरान कई अहम निर्देश दिए गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 May 2026, 9:59 AM IST

Ballia: बलिया में मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चल रहे कटहल नाला निर्माण और सुंदरीकरण कार्य की धीमी रफ्तार अब अधिकारियों के निशाने पर आ गई है। लगातार सुस्त प्रगति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी चेतावनी जारी कर दी है।

CRO ने किया निरीक्षण

जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) त्रिभुवन ने कटहल नाला परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की रफ्तार उम्मीद से काफी धीमी पाई गई, जिस पर सीआरओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर मानसून शुरू होने से पहले नाले का निर्माण और सफाई कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान सीआरओ ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के सहायक अभियंता को फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कम से कम 100 मजदूरों को कार्यस्थल पर लगाया जाए ताकि तय समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जा सके। इसके साथ ही रोजाना प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश भी जारी किया गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर ठेकेदार या संबंधित संस्था की ओर से शिथिलता बरती गई तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

असम से यूपी तक फैला था गांजे का खेल! STF ने ट्रक रोक खोला ऐसा राज, देखकर रह गए अफसर भी दंग

बाढ़ और जलभराव रोकने की बड़ी तैयारी

प्रशासन का कहना है कि कटहल नाला परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं बल्कि शहर को जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं से बचाने की बड़ी योजना है। मानसून के दौरान अक्सर नाले की सफाई और जल निकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों का मानना है कि अगर समय रहते नाले का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण पूरा हो जाता है तो शहर में जल निकासी की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।

दो किलोमीटर क्षेत्र में होगा सुंदरीकरण

अधिकारियों के मुताबिक कटहल नाला का सुंदरीकरण ग्राम महावलपुर रामपुर महावल से लेकर ग्राम प्रबंधापुर तक लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में कराया जाएगा। नाले की चौड़ाई लगभग 20 मीटर निर्धारित की गई है ताकि अधिक मात्रा में पानी की निकासी आसानी से हो सके।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए करीब 18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। बताया जा रहा है कि परिवहन मंत्री के प्रयासों से इस परियोजना को मंजूरी मिली थी। प्रशासन का दावा है कि कार्य पूरा होने के बाद बलिया की जल निकासी व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

लखीमपुर में मौत का तांडव! एक पल में खत्म हो गई 8 लोगों की जिंदगी, चीखों से कांपा इलाका

रोज होगी निगरानी

परियोजना की निगरानी को और मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार का रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। ये अधिकारी प्रतिदिन निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेंगे। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग, सहायक अभियंता सीएनडीएस और अधिशासी अधिकारी बलिया भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि तय समय के भीतर परियोजना को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन की सख्ती के बाद कटहल नाला परियोजना की रफ्तार कितनी तेज होती है और मानसून से पहले यह काम पूरा हो पाता है या नहीं।

Location :  Ballia

Published :  18 May 2026, 9:59 AM IST