बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पांच नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज हुआ है।

गड़वार क्षेत्र में किशोरी से वारदात (Img- Internet)
Ballia: यूपी के बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना 15 फरवरी की शाम की बताई जा रही है। पीड़ित पिता ने बुधवार को थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
तहरीर के अनुसार किशोरी अपनी बहन के साथ शाम करीब 7:30 बजे घर से बाहर शौच के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ युवक उसे जबरन उठाकर एक सुनसान स्थान पर ले गए। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने हथियार दिखाकर डराया और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रोशन यादव, रोहित यादव, लल्लू यादव, राजू यादव और एक अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। सभी आरोपी बहादुरपुर कारी गांव के निवासी बताए गए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद धमकी भी दी गई।
बलिया में देर रात चली गोली, एक आरोपी गिरफ्तार; जानें क्या है पूरा मामला
गड़वार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत हुआ है। साथ ही पॉक्सो एक्ट की धारा 5G/6 और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)5 भी लगाई गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
गड़वार थाना क्षेत्र (Img- Internet)
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि मुख्य आरोपी और किशोरी के बीच पहले से परिचय था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाएगा।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़िता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।