Ballia: जानें किसानों की मेहनत को आग से बचाव के लिए प्रशासन ने क्या की पहल

बलिया प्रशासन ने गर्मी में बढ़ते आगजनी के खतरे को देखते हुए फायर सेफ्टी एडवाइजरी जारी की है। घर, दुकान और खेतों में सुरक्षा उपायों के पालन, सतर्कता और आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन पर संपर्क की सलाह दी गई है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 22 April 2026, 12:34 PM IST

Ballia: बलिया जिले में बढ़ती गर्मी और आगजनी की संभावित घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने आम जनता की सुरक्षा के लिए विस्तृत अग्नि सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने कहा है कि गर्मी के मौसम में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

घरों और दुकानों के लिए सुरक्षा निर्देश

एडवाइजरी में नागरिकों को अपने घरों की विद्युत वायरिंग की नियमित जांच कराने की सलाह दी गई है। केवल आईएसआई मार्क वाले उपकरणों के उपयोग पर जोर दिया गया है। एक ही सॉकेट में कई उपकरण लगाने से बचने को कहा गया है। गैस सिलेंडर को हमेशा सीधा रखने, पाइप और रेगुलेटर की समय-समय पर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। रसोई में अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य बताया गया है। बच्चों को माचिस और लाइटर से दूर रखने की भी अपील की गई है।

दुकानों और प्रतिष्ठानों में सख्ती

दुकानदारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने और उसकी वैधता समय-समय पर जांचने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत तारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुकानों में आपातकालीन निकास मार्ग को हमेशा खुला रखने पर विशेष बल दिया गया है। प्रशासन ने अतिक्रमण से बचने की भी सलाह दी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत कार्य में बाधा न आए।

खेतों के लिए विशेष सावधानी

किसानों को खेतों में फसल अवशेष जलाने से पूरी तरह बचने की सलाह दी गई है। साथ ही खेतों के आसपास पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। बिजली के तारों के नीचे सूखी घास या फसल का भंडारण न करने की चेतावनी दी गई है, जिससे आग लगने की घटनाओं को रोका जा सके।

बलिया में नर्सिंग होम विवाद में इंसाफ की मांग के बीच आत्मदाह का प्रयास, मचा हड़कंप

आग लगने पर तुरंत करें यह काम

प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। आग लगने की स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड (101), पुलिस (112) और आपदा नियंत्रण कक्ष (107) को सूचना देने को कहा गया है। लोगों को घबराने के बजाय शांत रहकर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है। लिफ्ट का उपयोग न करने और सीढ़ियों का प्रयोग करने पर जोर दिया गया है।

बचाव के जरूरी उपाय

यदि किसी के कपड़ों में आग लग जाए तो “रुकें, लेटें और लुढ़कें” (Stop, Drop, Roll) तकनीक अपनाने की सलाह दी गई है। धुएं से बचने के लिए झुककर या घुटनों के बल चलने को कहा गया है। बिजली से लगी आग पर पानी का प्रयोग न करने की सख्त चेतावनी दी गई है।

दोस्ती, प्यार और गोली… बलिया में ऐसा क्या हुआ कि दोस्त ही बन गए दुश्मन?

क्या न करें

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस रिसाव की स्थिति में बिजली के स्विच ऑन या ऑफ न करें। बिना प्रशिक्षण के आग बुझाने की कोशिश न करें, खासकर रासायनिक आग के मामलों में। अफवाहों से दूर रहने और भीड़ इकट्ठा न करने की भी अपील की गई है।

Location :  Ballia

Published :  22 April 2026, 12:34 PM IST