हिंदी
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
Ballia: मनियर कस्बे में सोमवार को एक ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने इलाके में दहशत फैला दी। वार्ड संख्या 13 के पुरब टोला में रहने वाले ओम प्रकाश सिंह के घर के बाहर अचानक भड़की आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। धुएं के गुबार और तेज लपटों ने आसपास के लोगों को दहला दिया। हालात ऐसे हो गए कि लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर ये हादसा हुआ कैसे, लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर की छत पर जाने वाली सीढ़ी के पास रखे इनवर्टर और बैटरी से शॉर्ट सर्किट हुआ होगा। वहीं से निकली चिंगारी ने पास रखे ज्वलनशील सामान को अपनी चपेट में ले लिया और आग तेजी से फैलती चली गई। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
इस भीषण आग में दो गैस सिलेंडर, एक ट्रैक्टर बैटरी, इनवर्टर, करीब 20 लीटर गियर ऑयल, 10 लीटर डीजल और एक कुंतल गेहूं पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेज थी कि घर के लोग जब तक जागे, तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे। हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बलिया में अंतर्जनपदीय लूट और छिनैती गिरोह का भंडाफोड़, 3 महिला सदस्य गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मनियर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। गैस सिलेंडर और ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया था। इसी दौरान पास में चल रहे नवका ब्रह्म मेले में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी देर की कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू में लाया जा सका।
गनीमत रही कि आग घर के अंदर तक नहीं पहुंची। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद ओम प्रकाश सिंह का परिवार गहरे सदमे में है। खास बात ये है कि उनके घर में पहले से ही मातम का माहौल है क्योंकि उनकी माता जी की तेरहवीं 24 मार्च को होनी है। ऐसे में इस हादसे ने परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
Location : Ballia
Published : 23 March 2026, 5:56 PM IST