बलिया के मेले में लाखों की भैंस का जलवा, कट्टप्पा से भी है खास कनेक्शन, जानें खासियत

बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले के नंदीग्राम में मुर्रा नस्ल की 5 लाख 55 हजार रुपये कीमत वाली भैंस आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पशुपालक के मुताबिक, भैंस रोजाना करीब 22 लीटर दूध देती है और दूध उत्पादन में प्रथम पुरस्कार भी जीत चुकी है। भैंस के पहले पड़वे का नाम कट्टप्पा रखा गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 3:37 PM IST
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया में लगने वाले ऐतिहासिक ददरी मेले में इन दिनों एक ऐसी भैंस की चर्चा हो रही है, जिसकी कीमत लाखों रुपये में है। मेले के नंदीग्राम में पहुंची हरियाणा की मुर्रा नस्ल की इस भैंस की कीमत पशुपालक ने 5 लाख 55 हजार रुपये रखी है। खास बात यह है कि यह भैंस दोनों समय मिलाकर करीब 22 लीटर दूध देती है। दूध उत्पादन के मामले में प्रथम पुरस्कार भी जीत चुकी यह भैंस अपनी कीमत और खूबियों को लेकर पशु प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

ददरी मेले में मुर्रा नस्ल की भैंस का जलवा

बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले के नंदीग्राम में पशुओं की खरीद-बिक्री के बीच मुर्रा नस्ल की यह भैंस लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इस भैंस के मालिक श्रीरामपुर सवरू बांध निवासी दयाशंकर यादव हैं।

दयाशंकर यादव अपनी भैंस को बिक्री के लिए ददरी मेले में लेकर आए हैं। उन्होंने इसकी कीमत 5 लाख 55 हजार रुपये तय की है। भैंस की नस्ल, दूध देने की क्षमता और कीमत को लेकर मेले में खूब चर्चा हो रही है। पशुओं की खरीद-बिक्री के बीच इस भैंस की अलग पहचान बन गई है।

बलिया के मेले में लाखों की भैंस का जलवा (IMG: Dynamite News)

रोजाना देती है 22 लीटर दूध, जीत चुकी है पुरस्कार

पशुपालक दयाशंकर यादव के मुताबिक, उनकी भैंस सुबह और शाम दोनों समय मिलाकर करीब 22 लीटर दूध देती है। इसकी दूध उत्पादन क्षमता ही इसकी सबसे बड़ी खासियत है। दूध उत्पादन के मामले में यह भैंस पुरस्कार भी हासिल कर चुकी है।

सुधा दूध की ओर से 17.250 लीटर दूध देने पर पशुपालक को प्रथम पुरस्कार मिल चुका है। दयाशंकर यादव की भैंस की कीमत के साथ-साथ उसकी दूध उत्पादन क्षमता और पुरस्कार की उपलब्धि भी पशु प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

पहले पड़वे का नाम कट्टप्पा, दूसरी बार गर्भवती है भैंस

इस भैंस से जुड़ी एक और दिलचस्प बात है। पशुपालक के मुताबिक, उनकी भैंस दूसरी बार गर्भवती है। इससे पहले जन्मे पड़वे का नाम उन्होंने कट्टप्पा रखा है। यह अनोखा नाम भी लोगों के बीच चर्चा का विषय है।

वहीं, दयाशंकर यादव अपनी भैंस की तय कीमत को लेकर स्पष्ट हैं। उनका कहना है कि यदि कोई खरीदार 5 लाख 55 हजार रुपये देता है, तभी वह अपनी भैंस बेचेंगे। तय कीमत नहीं मिलने पर वह इसे वापस घर ले जाएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि ददरी मेले में इस खास भैंस को कोई खरीदार मिलता है या फिर पशुपालक इसे अपने साथ वापस लेकर जाते हैं।

Location :  Ballia

Published :  25 November 2026, 3:37 PM IST