बलिया में पैसों के विवाद में खूनी संघर्ष, दो भाइयों ने युवक को चाकू से गोदा

उत्तर प्रदेश के चितबड़ागांव कस्बा में रविवार शाम को पैसे के लेनदेन को लेकर दो भाइयों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 15 November 2026, 10:55 PM IST

 Ballia: चितबड़ागांव कस्बे में रविवार की शाम पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के दौरान दो सगे भाइयों ने एक युवक को चाकू से गोद दिया। पेट में चाकू लगने से गम्भीर रूप से घायल को आनन- फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी हैं।

पैसों के लेन-देन पर भिड़े युवक

जानकारी के अनुसार रविवार की शाम चितबड़ागांव कस्बे में पैसे के लेन-देन को लेकर युवकों में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि इसी विवाद में आकाश पुत्र सलमू पर कस्बे के ही रहने वाले आकाश और बॉबी पुत्रगण जवाहिर ने चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही चितबड़ागांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बलिया में गंगा स्नान बना काल! जल लेने गए दो दोस्त गहरे पानी में डूबे, घाट पर मचा हड़कंप

पुलिस की कार्रवाई 

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलिया भेज दिया। इस मामले में परिजनों से तहरीर प्राप्त कर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित दोनों भाइयों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

छठ की खुशियां मातम में बदलीं; बलिया में पेड़ से टकराई कार, चार युवकों की दर्दनाक मौत

मामले को लेकर पुलिस का बयान 

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार ने बताया कि पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक को चाकू मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Location :  Ballia

Published :  15 November 2026, 10:48 PM IST