
बहू-बेटी सम्मेलन बना जागरूकता का मंच
Gorakhpur: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने की दिशा में गोरखपुर जोन पुलिस की पहल ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ लगातार नई मिसाल कायम कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को सदर तहसील सभागार में ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने भाग लेकर अपने अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन की पहल पर किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को कानूनी रूप से जागरूक बनाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक, पारिवारिक और साइबर अपराधों जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सक्षम बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध, महिला हेल्पलाइन, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा त्वरित पुलिस सहायता जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना संकोच पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं का सहारा लेने की अपील की गई।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी के रूप में पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
'बहू-बेटी सम्मेलन' के माध्यम से विशेष रूप से नवविवाहित बहुओं और 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग की युवतियों को जोड़कर उन्हें ऐसा मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, जहां वे अपनी पारिवारिक, सामाजिक और व्यक्तिगत समस्याओं को खुलकर रख सकें। संबंधित विभागों के सहयोग से उनके समाधान का भी प्रयास किया जा रहा है।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उनमें जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ रहा है। गोरखपुर जोन से शुरू हुई यह पहल अब पूरे उत्तर प्रदेश में लागू की जा चुकी है और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रभावी अभियान के रूप में उभर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 15 July 2026, 1:17 AM IST