Bahraich News: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में पर्यटकों की आवाजाही पर लगेगा ब्रेक, जंगल सफारी पर बड़ा फैसला

बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में 1 जुलाई से पर्यटन गतिविधियां बंद हो जाएंगी। मानसून और वन्यजीवों के प्रजनन काल को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। पर्यटक अब 30 जून तक ही जंगल सफारी कर सकेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 June 2026, 3:28 PM IST

Bahraich: उत्तर प्रदेश के प्रमुख इको-टूरिज्म स्थलों में शामिल बहराइच का कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में जल्द ही पर्यटकों की आवाजाही पर ब्रेक लगने वाला है। जंगल की हरियाली, गेरुआ नदी की खूबसूरती और वन्यजीवों का दीदार करने वाले पर्यटकों के लिए यह पर्यटन सत्र अब खत्म होने की ओर है। कतर्नियाघाट में वर्तमान पर्यटन सत्र 30 जून को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद एक जुलाई से करीब चार महीने तक सभी पर्यटन गतिविधियां बंद रहेंगी। पर्यटक अब चार महीने बाद यानी नवंबर में ही दोबारा यहां वन्यजीवों को खुले वातावरण में देख सकेंगे।

मानसून के कारण बंद होगा जंगल सफारी का रास्ता

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मानसून के दौरान भारी बारिश से जंगल के कच्चे रास्ते खराब हो जाते हैं। कई जगहों पर रास्तों में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे पर्यटकों की आवाजाही जोखिम भरी हो सकती है। इसी वजह से हर साल बारिश के मौसम में कतर्नियाघाट को पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाता है।

इसके अलावा मानसून का समय वन्यजीवों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान बाघ, तेंदुआ, बारहसिंगा, घड़ियाल समेत कई वन्यजीवों का प्रजनन और शावकों के पालन-पोषण का दौर चलता है। वन विभाग का मानना है कि इस दौरान इंसानी दखल कम होने से वन्यजीवों को सुरक्षित और शांत माहौल मिलता है।

बहराइच में सड़क पर अचानक आए सांड से हादसा, बाइक सवार कारोबारी समेत दो युवकों की मौत

इस सत्र में देशभर से पहुंचे पर्यटक

इस पर्यटन सत्र में कतर्नियाघाट ने देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित किया। जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों ने बाघ, तेंदुआ, बारहसिंगा, मगरमच्छ, घड़ियाल और कई दुर्लभ पक्षियों को करीब से देखने का अनुभव लिया। कतर्नियाघाट का घना जंगल, गेरुआ नदी का प्राकृतिक सौंदर्य और यहां की जैव विविधता इसे उत्तर प्रदेश के खास पर्यटन स्थलों में शामिल करती है।

चार दिन बाद बंद हो जाएंगे जंगल के दरवाजे

वन विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि अगर वे कतर्नियाघाट घूमने की योजना बना रहे हैं तो 30 जून से पहले अपनी यात्रा पूरी कर लें। 30 जून के बाद जंगल सफारी और अन्य पर्यटन गतिविधियों पर रोक लगा दी जाएगी। प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि एक जुलाई से मानसून अवधि शुरू होने के कारण पर्यटन बंद रहेगा। इस दौरान जंगल के रास्तों की मरम्मत, रखरखाव और संरक्षण से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

बहराइच में खौफ का साया, खेत गई युवटी पर टूटा तेंदुआ, चीख-पुकार मची तो जंगल की तरफ भागा वन्यजीव

नवंबर में फिर शुरू होगा पर्यटन सत्र

वन विभाग मानसून के दौरान जंगल की व्यवस्थाओं को बेहतर करने का काम करेगा। पर्यटन मार्गों की मरम्मत के साथ-साथ पर्यटकों की सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जाएगा। मौसम की स्थिति अनुकूल रहने पर नवंबर महीने के बाद कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग को फिर से पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद पर्यटक फिर से जंगल सफारी कर सकेंगे और यहां मौजूद वन्यजीवों व प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठा सकेंगे।

Location :  Bahraich

Published :  27 June 2026, 3:28 PM IST