शादी की खुशियां मातम में बदली, बारात चढ़ाई के दौरान किया ऐसा हमला, जिंदगी-मौत से जूझ रहा युवक

बारात चढ़ाई के दौरान अचानक ऐसा विवाद हुआ कि शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है, लेकिन घटना को लेकर कई सवाल अब भी कायम हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 November 2026, 2:30 PM IST
Badaun News: बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र के गूरा बरेला गांव में शादी की खुशियों के बीच मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। बारात चढ़ाई के दौरान हुए विवाद में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। वहीं, वारदात को ग्रामीणों ने अंजाम दिया या बारातियों ने, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

बारात चढ़ाई के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गूरा बरेला गांव में बारात चढ़ाई के समय किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान चाकूबाजी किए जाने का भी आरोप है। शादी समारोह में मची अफरा-तफरी के बीच खुशी का माहौल तनाव में बदल गया।

पीड़ित की हालत नाजुक, अस्पताल में चल रहा इलाज (Image: Dynamite News)

चाकूबाजी में संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल

इस घटना में संजीव कुमार (35) पुत्र कंठी लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। वह गूरा बरेला गांव के निवासी हैं। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर है और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

ग्रामीणों और बारातियों के बीच घटना को लेकर स्थिति साफ नहीं

घटना को अंजाम किसने दिया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। आरोप है कि मारपीट और चाकूबाजी की वारदात में ग्रामीण या बाराती शामिल हो सकते हैं। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।

तीसरे दिन भी दर्ज नहीं हुई एफआईआर

घटना के तीन दिन बीतने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात सामने आई है। इससे घायल के परिजनों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। जांच के बाद ही विवाद की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Badaun

Published :  22 November 2026, 2:30 PM IST