बदायूं में मामूली विवाद बना जंग का मैदान, दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, आधा दर्जन घायल

बदायूं के सर्वा गांव में मामूली कहासुनी के बाद अचानक ऐसा बवाल मचा कि पूरा इलाका सहम गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से लेकर छतों से पथराव तक होने लगा। मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जबकि घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 15 September 2026, 2:24 AM IST

Budaun: जनपद के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के सर्वा गांव में दो गुट आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और छतों से एक-दूसरे पर पथराव किया गया। इस मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ये था मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव सर्वा में ट्रैक्टर धोने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि गांव के ही दो पक्ष ट्रैक्टर धो रहे थे, इसी दौरान पानी के छींटे पड़ने और जगह को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को ललकारना शुरू कर दिया।

जमकर चले लाठी-डंडे

विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि छतों पर चढ़कर पथराव किया गया और नीचे लाठी-डंडों से हमला किया गया। करीब 15-20 मिनट तक गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

एक राजनीतिक पार्टी के परिजनों के बीच झड़प

इस संघर्ष में एक पक्ष से भाजपा के पूर्व सांसद प्रतिनिधि और वरिष्ठ भाजपा नेता सनवीर पाल और दूसरे पक्ष से भाजपा जिला मंत्री नीटू पाल के परिजन बताए जा रहे हैं। दोनों ही भाजपा से जुड़े कद्दावर नेता माने जाते हैं। एक ही पार्टी के दो नेताओं के परिवारों के बीच हुई इस हिंसक झड़प से राजनीतिक गलियारों में भी हड़कंप मच गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बिसौली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली में भर्ती कराया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल बदायूँ रेफर किया गया है।

बदायूं में गूंजेगा बाप्पा मोरया का जयकारा: गणेश चतुर्थी की तैयारियों से सजा शहर, मूर्तियों की बंपर खरीदारी

मामले में पुलिस का बयान

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ने बताया कि "सर्वा गांव में दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया है। सभी घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।"

बदायूं में मामूली विवाद बना जंग का मैदान, दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, आधा दर्जन घायल

पुलिस की कार्रवाई

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

Location :  Budaun

Published :  15 September 2026, 2:08 AM IST