
बदायूं में अस्पताल में हंगामा
Budaun: शहर के इंद्रा चौक स्थित रामा हॉस्पिटल शनिवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया जब पथरी के ऑपरेशन को लेकर आए एक मरीज और उसके परिजनों ने डॉक्टर व अस्पताल स्टाफ पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया। आरोप के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित देव पाठक, निवासी बदायूं, अपने माता-पिता के साथ शनिवार सुबह पथरी का ऑपरेशन कराने रामा हॉस्पिटल पहुंचे थे। देव का आरोप है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए कुल 40 हजार रुपये का खर्च बताया।
देव के मुताबिक, आर्थिक तंगी के चलते उन्होंने डॉक्टर से फीस में कुछ राहत देने की गुहार लगाई। इसी बात पर डॉक्टर नाराज हो गए। आरोप है कि डॉक्टर ने गुस्से में उनकी फाइल जमीन पर फेंक दी और कहा, "पैसे नहीं होते तो यहां क्यों चले आते हो।"
देव का कहना है कि जब उनके पिता ने डॉक्टर के इस व्यवहार पर आपत्ति जताई तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद अस्पताल का मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया गया और डॉक्टर तथा कुछ स्टाफ ने देव, उनके पिता और माता के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
मारपीट की सूचना मिलते ही परिजनों के साथ मोहल्ले के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने अस्पताल के बाहर नारेबाजी करते हुए दोषी डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुछ देर के लिए इंद्रा चौक पर जाम जैसे हालात बन गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और पीड़ित पक्ष को थाने चलकर तहरीर देने के लिए कहा।
पीड़ित देव पाठक ने कहा, "हम इलाज कराने आए थे, अपमान और मारपीट सहनी पड़ी। डॉक्टर मरीज की मजबूरी नहीं समझते। हम चाहते हैं कि दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो ताकि आगे किसी और के साथ ऐसा न हो।"
इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई आधिकारिक बयान नहीं मिल सका। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और डॉक्टर व स्टाफ के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद शहर में निजी अस्पतालों में इलाज के बढ़ते खर्च और मरीजों से अभद्र व्यवहार को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीब मरीज अक्सर फीस कम कराने की बात पर अपमानित होते हैं।
Location : Budaun
Published : 26 July 2026, 1:50 AM IST