हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Azamgarh: अवैध नियुक्तियों और प्रतिबंध के बावजूद शिक्षकों को वेतन भुगतान किए जाने के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उन्हें कुंवर सिंह उद्यान क्षेत्र से हिरासत में लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 26 मई तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
मामला जिला समाज कल्याण विभाग में अवैध नियुक्तियों से जुड़ा है। आरोप है कि निदेशक समाज कल्याण की ओर से रोक लगाए जाने के बावजूद विभाग द्वारा 10 शिक्षकों को वेतन भुगतान किया गया।
प्रशासनिक जांच में इस मामले को गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितता माना गया। जांच रिपोर्ट में संबंधित अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद कार्रवाई शुरू की गई।
इस मामले में दूसरा आरोपी पटल सहायक सत्येंद्र बहादुर सिंह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, जिला विकास अधिकारी और मुख्य कोषाधिकारी की जांच रिपोर्ट में दोनों अधिकारियों को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया था। इसके बाद मंडलायुक्त विवेक के निर्देश पर उप निदेशक समाज कल्याण आरके चौरसिया ने शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस अब पूरे मामले में वित्तीय लेनदेन और नियुक्ति प्रक्रिया की भी जांच कर रही है।
Location : Azamgarh
Published : 13 May 2026, 4:53 PM IST