‘दाग लेकर नहीं जाना चाहता…’, राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच चंपत राय क्या छोड़ देंगे अयोध्या, जानिए आगे क्या कहा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नया मोड़ आया है। सूत्रों के अनुसार ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने करीबियों से कहा कि अयोध्या में उनकी सेवा पूरी हो चुकी है और वह कोई दाग लेकर नहीं जाना चाहते। इस बीच, आरएसएस ने अयोध्या से फीडबैक लेकर अपनी रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को सौंप दी है और एसआईटी जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 July 2026, 8:03 PM IST

Lucknow: राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले में जांच जारी है। इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय को लेकर नई जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने अपने कुछ करीबी लोगों से बातचीत में कहा कि अयोध्या में उनकी सेवा पूरी हो चुकी है और वह किसी भी तरह का दाग लेकर यहां से नहीं जाना चाहते। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों पर उन्होंने भरोसा किया, उन्हीं ने उनका विश्वास तोड़ा।

मामले की जानकारी मिलते ही कार्रवाई की

बताया जा रहा है कि एसआईटी की जांच शुरू होने के बाद से चंपत राय मंदिर परिसर स्थित तीर्थ क्षेत्र भवन में ही रह रहे हैं। उन्होंने अपने करीबियों से कहा कि चढ़ावा चोरी के मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। उनका कहना है कि जैसे ही उन्हें इस मामले की जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई। हालांकि, उन्होंने अब तक इस पूरे मामले पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है।

महंत नृत्यगोपाल दास: राम मंदिर आंदोलन के संघर्ष से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष बनने तक का सफर

संघ ने भी लिया पूरे मामले का फीडबैक

राम मंदिर से जुड़े इस विवाद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) भी गंभीरता से देख रहा है। सूत्रों के अनुसार, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी करीब एक सप्ताह तक अयोध्या में रहे। इस दौरान उन्होंने संतों, स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और उनकी राय जानी।

व्यवस्था में सुधार पर हुई चर्चा

जानकारी के मुताबिक, बातचीत के दौरान चढ़ावे की गिनती, पैसे के प्रबंधन, ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। साथ ही यह भी देखा गया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।

Ram Mandir Donation Theft: सच सामने आएगा तो कई चेहरे बेनकाब होंगे… राम मंदिर चढ़ावा विवाद में अब सामने आया नया दावा

रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व के पास

सूत्रों के अनुसार, अयोध्या दौरे के दौरान जुटाई गई सभी जानकारियों को एक रिपोर्ट के रूप में तैयार कर संघ के शीर्ष नेतृत्व को भेज दिया गया है। वहीं, एसआईटी अपनी जांच जारी रखे हुए है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है, जिससे इस पूरे मामले की तस्वीर और साफ हो सकती है।

Location :  Lucknow

Published :  1 July 2026, 8:03 PM IST