
राम मंदिर में आस्था पर डाका (Img- Pinterest)
Ayodhya: अयोध्या के भव्य राम मंदिर से एक ऐसी हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे देश के श्रद्धालुओं को झकझोर कर रख दिया है। रामलला के दरबार में चढ़ाए जाने वाले दान और आस्था के पैसों पर ही कुछ अपनों ने डाका डाल दिया। लेकिन कहते हैं कि पाप का घड़ा एक दिन जरूर भरता है।
इस शातिर चोरी का पर्दाफाश किसी बड़े खुफिया नेटवर्क से नहीं, बल्कि मंदिर परिसर के ही एक साधारण से शौचालय में मिले लावारिस नोटों की गड्डी से हुआ। इस एक छोटे से सुराग ने अगले 17 घंटों के भीतर पुलिस और मंदिर प्रशासन के होश उड़ा दिए और विभिन्न गुप्त ठिकानों से कुल 81.19 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि बरामद की गई।
मामला तब खुला जब मंदिर परिसर के एक टॉयलेट में लावारिस हालत में 40 हजार रुपये नकद पड़े होने की सूचना सुरक्षाकर्मियों को मिली। अति-सुरक्षित क्षेत्र के शौचालय में इतनी बड़ी रकम का मिलना अधिकारियों के गले नहीं उतरा। आनन-फानन में जब आंतरिक जांच और संदिग्धों की धरपकड़ शुरू हुई, तो परत-दर-परत सच सामने आने लगा। मात्र 17 घंटे की ताबड़तोड़ छापेमारी और पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और अन्य ठिकानों से 81 लाख 19 हजार रुपये बरामद कर लिए।
अब इस पूरे घोटाले की तह तक जाने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। हालांकि, जांच टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती तकनीक ही बन गई है। सूत्रों के मुताबिक, राम मंदिर परिसर की सुरक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों का रिकॉर्डिंग बैकअप सिर्फ 45 दिनों तक ही सुरक्षित रहता है।
इस तकनीकी सीमा के कारण एसआईटी के लिए यह पता लगाना बेहद मुश्किल हो रहा है कि आस्था की इस तिजोरी में सेंधमारी कब से चल रही थी और अब तक कुल कितने करोड़ रुपये का गबन किया जा चुका है।
पुलिस अब केवल सीसीटीवी पर निर्भर न रहकर आरोपियों के कॉल डिटेल्स, बैंक खातों और उनके व्यक्तिगत संपर्कों को खंगाल रही है। राम मंदिर ट्रस्ट भी इस घटना के बाद दान संकलन की पूरी प्रक्रिया और सुरक्षा ऑडिट को नए सिरे से तैयार कर रहा है।
लोगों का कहना है कि जहां करोड़ों भक्त अपनी गाढ़ी कमाई रामलला के चरणों में अर्पित करते हैं, वहां इस तरह की गद्दारी करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
Location : Ayodhya
Published : 15 July 2026, 2:30 PM IST