Auraiya News: अवैध प्लाटिंग पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर, जैतापुर में डीएम के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, बिल्डरों में मचा हड़कंप

Auraiya News: औरैया के जैतापुर में बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर ने भारी पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण को ढहा दिया। पढ़ें पूरी खबर।

Updated : 1 May 2026, 6:28 AM IST
google-preferred

Auraiya: औरैया जिले में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी (DM) बृजेश कुमार के कड़े निर्देशों के बाद, जैतापुर इलाके में बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को प्रशासन ने जमींदोज कर दिया है।

खसरा संख्या 194 पर बिना अनुमति हुआ था निर्माण

एसडीएम सदर अजय आनन्द वर्मा के नेतृत्व में राजस्व और नगर पालिका की टीम जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि जैतापुर स्थित खसरा संख्या 194 की भूमि पर बिल्डरों द्वारा बिना किसी विभागीय अनुमति के प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। प्रशासन ने पूर्व में नोटिस जारी कर लेआउट विनियमित कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन बिल्डरों द्वारा नियमों की अनदेखी की गई।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

ध्वस्तीकरण की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर लेखपाल, नगर पालिका स्टाफ और विनियमित क्षेत्र के अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम सदर ने स्पष्ट किया कि विनियमित क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी अवैध प्लाटिंग को चिन्हित कर लिया गया है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों और बिल्डरों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में भी जो बिल्डर नियमों का पालन नहीं करेंगे और बिना नक्शा पास कराए निर्माण करेंगे, उनके खिलाफ इसी तरह की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Auraiya

Published :  1 May 2026, 6:28 AM IST

Advertisement