ATM Fraud Alert: एटीएम पर मदद लेना पड़ सकता है भारी! मुजफ्फरनगर की ये घटना सोचने पर कर देगी मजबूर

मुजफ्फरनगर में एटीएम से पैसे निकालने में मदद के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। मीरापुर पुलिस ने चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो एटीएम कार्ड बदलकर खातों से पैसे निकाल लेते थे। आरोपियों के पास से एटीएम कार्ड, नकदी, हथियार और कार बरामद की गई है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 February 2026, 9:59 AM IST

Muzaffarnagar: अगर आप एटीएम से पैसे निकालते समय किसी अनजान व्यक्ति से मदद लेते हैं, तो सावधान हो जाएं। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एटीएम फ्रॉड का एक बड़ा मामला सामने आया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मीरापुर थाना पुलिस ने एटीएम से पैसे निकालने आए भोले-भाले लोगों को बातों में उलझाकर उनका एटीएम कार्ड बदलने और फिर खाते से पैसे निकालने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पीड़िता की शिकायत से हुआ खुलासा

दरअसल, इस मामले की शुरुआत मीरापुर थाना क्षेत्र निवासी सृष्टि नाम की महिला की शिकायत से हुई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह कुछ दिन पहले एटीएम से 10,000 रुपये निकालने गई थी, लेकिन पैसे मशीन में फंस गए। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मदद के बहाने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और चुपचाप उसका एटीएम कार्ड बदल दिया।

Al Falah University Case: ED के बाद दिल्ली पुलिस का शिकंजा, चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी गिरफ्तार

घर पहुंचने के कुछ देर बाद महिला को बैंक से मैसेज मिला कि उसके खाते से 13,500 रुपये निकाल लिए गए हैं।

CCTV फुटेज से 24 घंटे में गिरफ्तारी

वहीं मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर टूटी पुलिया पर चेकिंग के दौरान एक आई20 कार सवार चार आरोपियों, अरुण, नीटू, बिजेंद्र और विकास को गिरफ्तार कर लिया।

हथियार, ATM कार्ड और नकदी बरामद

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस, चाकू, 8 एटीएम कार्ड, एक आई20 कार और हजारों रुपये की नकदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं और एटीएम पर लोगों को मदद का झांसा देकर उनके कार्ड बदल लेते हैं।

कई पीड़ितों की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। इन पर पहले से चोरी, लूट और धोखाधड़ी के करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पास मिले अन्य एटीएम कार्डों के जरिए और पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है।

Gorakhpur News: हत्या मामले में दो दोषियों को मिली ये सजा, लगा इतना जुर्माना

एसपी ग्रामीण मुजफ्फरनगर आदित्य बंसल ने बताया कि, “एटीएम में मदद के बहाने आरोपियों ने एक वृद्ध महिला का कार्ड बदलकर पिन हासिल कर लिया और खाते से पैसे निकाल लिए। सीसीटीवी की मदद से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से करीब 10 एटीएम कार्ड और 30,000 रुपये नकद बरामद हुआ है। सभी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।”

इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि एटीएम इस्तेमाल करते समय किसी अनजान व्यक्ति से मदद न लें और किसी को भी अपना एटीएम कार्ड या पिन साझा न करें।

Location : 
  • Muzaffarnagar

Published : 
  • 5 February 2026, 9:59 AM IST