हिंदी
राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Meerut: कंकरखेड़ा क्षेत्र से डेढ़ माह पहले लापता हुई 17 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में फास्टफूड विक्रेता श्याम धानक को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने 15 अप्रैल की रात 3600 रुपये के उधार को लेकर हुए विवाद में अनुष्का की ईंट से वार कर हत्या कर दी थी और शव को नाले में फेंक दिया था।
दौराला थाना क्षेत्र के चिरोड़ी गांव निवासी नेमपाल की बेटी अनुष्का इंटरमीडिएट की छात्रा थी। वह पिछले दो वर्षों से कंकरखेड़ा के शोभापुर इलाके में अपने भाई अनमोल के साथ किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह कबड्डी का अभ्यास करती थी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती थी।
15 अप्रैल की रात से अनुष्का अचानक लापता हो गई थी। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। परिजनों ने करीब दस दिन बाद कंकरखेड़ा थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अनुष्का का कोई सुराग नहीं मिलने पर शनिवार को परिजन एडीजी और एसएसपी कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों के निर्देश के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच को तेज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी श्याम धानक को चंडीगढ़ से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की पूरी वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी श्याम धानक रोहटा फ्लाईओवर के पास फास्टफूड सेंटर चलाता था। अनुष्का अक्सर वहां खाना खाने जाती थी। इसी दौरान उसके ऊपर 3600 रुपये का उधार हो गया था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लगातार रुपये मांग रहा था। 15 अप्रैल की रात भी उसने अनुष्का से पैसे मांगे। अनुष्का ने कुछ दिन बाद भुगतान करने की बात कही, लेकिन आरोपी इसी बात पर अड़ गया। दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और कहासुनी होने लगी।
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान अनुष्का ने आरोपी का विरोध किया और उससे भिड़ गई। इससे श्याम बौखला गया। उसने पास में पड़ी ईंट उठाकर अनुष्का के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और उसे रोहटा रोड स्थित नाले में फेंक दिया।
जांच में सामने आया कि हत्या शोभापुर पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर की दूरी पर हुई थी। हत्या के बाद आरोपी ने चौकी से महज 50 मीटर दूर स्थित नाले में शव फेंक दिया। इसके बावजूद पुलिस डेढ़ महीने तक मामले का खुलासा नहीं कर सकी।
बताया गया कि पुलिस ने आरोपी को दो बार हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी, लेकिन वह हर बार चंडीगढ़ में काम करने और यहां न होने की बात कहकर जांच को गुमराह करता रहा।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि श्याम धानक के खिलाफ लालकुर्ती थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या का मुकदमा भी दर्ज है। वह वर्ष 2024 में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पिछले दो वर्षों से रोहटा रोड पर फास्टफूड की दुकान चला रहा था।
अनुष्का की हत्या के बाद से उसकी दुकान भी बंद पड़ी थी। भाई और सहेलियों से पूछताछ में उसका नाम सामने आने पर पुलिस ने उस पर निगरानी बढ़ाई और आखिरकार चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।
अनुष्का के पिता नेमपाल ने बताया कि जब भी उनकी बेटी किसी प्रतियोगिता से मेडल जीतकर लौटती थी तो पूरा गांव खुशी से झूम उठता था। परिवार को उम्मीद थी कि वह एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेगी। लेकिन महज 3600 रुपये के विवाद ने उसकी जिंदगी छीन ली।
Location : Meerut
Published : 1 June 2026, 8:38 AM IST