अमरोहा सीट पर नया ट्विस्ट! क्या शमी का विकेट लेंगी हसीन जहां? टिकट के लिए कौन दल होगा मेहरबान

उत्तर प्रदेश में हाने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अमरोहा की राजनीति गरमा गई है। मोहम्मद शमी के चुनाव लड़ने की चर्चा के बीच हसीन जहां ने भी चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 27 September 2026, 11:19 AM IST

अमरोहा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अमरोहा की सियासत में हलचल तेज हो गई है। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रहे मोहम्मद शमी के चुनावी मैदान में उतरने की अटकलों के बीच उनकी पत्नी हसीन जहां ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

हसीन जहां ने दावा किया है कि अगर मोहम्मद शमी या उनके भाई मोहम्मद हबीब अमरोहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते हैं तो वह भी उसी सीट से अपनी दावेदारी पेश करेंगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी राजनीतिक दल से टिकट नहीं मिलता है तो वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरेंगी।

शमी और जयंत चौधरी की मुलाकात के बाद बढ़ी चर्चा

दरअसल, हाल ही में क्रिकेटर मोहम्मद शमी और राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख जयंत चौधरी की मुलाकात की तस्वीर सामने आई थी। इसके बाद अमरोहा में शमी के राजनीति में आने की चर्चाएं तेज हो गईं।

हालांकि अभी तक मोहम्मद शमी, उनके भाई मोहम्मद हबीब या हसीन जहां की ओर से किसी राजनीतिक दल में शामिल होने या चुनाव टिकट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

अमरोहा में सक्रिय हुईं हसीन जहां

हसीन जहां पिछले कुछ समय से अमरोहा में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाती नजर आ रही हैं। वह स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल हो रही हैं और लोगों से मुलाकात कर रही हैं।

उनकी बढ़ती सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह किस राजनीतिक दल के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगी।

हसीन जहां ने शमी परिवार पर साधा निशाना

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हसीन जहां ने शमी और उनके परिवार को लेकर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अमरोहा की जनता उनके परिवार के बारे में सब जानती है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि शमी परिवार की राजनीतिक सक्रियता के पीछे अपनी छवि सुधारने की कोशिश हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों पर मोहम्मद शमी या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Location :  Amroha

Published :  27 September 2026, 10:48 AM IST