खेत में उतरे करंट ने ली दो किसानों की जान, एक साथ उठी दो अर्थियां, परिजनों में मचा कोहराम

अमेठी के हरपालपुर में खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से दो किसानों की मौत हो गई। एक किसान को तड़पता देख दूसरा उसे बचाने दौड़ा, लेकिन करंट की चपेट में आकर दोनों की सांसें थम गईं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा है और घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 June 2026, 12:00 PM IST

Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के हरपालपुर गांव में करंट की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही गांव के दो किसानों की अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

सुबह धान की सिंचाई करने गए थे किसान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरपालपुर गांव के निवासी 50 वर्षीय हीरालाल लोध (प्रजापति) का गांव के बाहर ही खेत है। शुक्रवार की सुबह वह अपने खेत में धान की बैरन (पौध) की सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे। खेत में काम करने के दौरान वह अचानक वहाँ फैले करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि हीरालाल वहीं खेत में बेहोश होकर गिर पड़े।

Amethi News: व्यापारी के अपहरण और एक करोड़ की फिरौती, फिर आगे जो हुआ, जानें पूरी खबर

बचाने दौड़े साथी किसान भी हुए हादसे का शिकार

उसी दौरान गांव के ही 58 वर्षीय राम बोध यादव सुबह शौच के लिए खेतों की तरफ निकले थे। जब वह उसी रास्ते से गुजर रहे थे, तो उन्होंने हीरालाल को खेत में बेसुध पड़ा देखा। रामबोध को लगा कि हीरालाल अचानक तबीयत बिगड़ने या किसी अन्य वजह से जमीन पर गिर गए हैं। वह तुरंत हीरालाल को बचाने और उठाने के लिए खेत के भीतर पहुँच गए। लेकिन खेत में उतरे करंट से अनजान होने के कारण रामबोध भी उसकी चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में दोनों किसान वहीं अचेत होकर गिर पड़े।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

खेतों की तरफ गए ग्रामीणों को जब इस घटना की भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत दोनों के परिजनों और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। आनन-फानन में परिजन दोनों किसानों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगदीशपुर के ट्रॉमा सेंटर पहुँचे। वहाँ मौजूद चिकित्सकों ने गहन जाँच के बाद दोनों किसानों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल परिसर में इकट्ठा हो गए।

गांव में नहीं जले चूल्हे, एक साथ उठीं दो अर्थियां

इस हृदयविदारक घटना से हरपालपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों ही किसान खेती-किसानी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों की महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। शोक की वजह से शुक्रवार को गांव के अधिकांश घरों में चूल्हे तक नहीं जले। जब अंतिम संस्कार के लिए दोनों घरों से एक साथ दो अर्थियां निकलीं, तो पूरा गांव रो पड़ा और हर आंख नम हो गई।

Amethi News: बिजली विभाग ने लगाया मेगा कैंप, बिल समस्याओं को लेकर हो रहा ये काम

पुलिस को नहीं दी गई आधिकारिक सूचना

इस पूरे मामले में फिलहाल परिजनों द्वारा पुलिस को कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है। मामले को लेकर जगदीशपुर कोतवाल धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पुलिस के पास अभी तक इस घटना की कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। परिजनों या ग्रामीणों की तरफ से शिकायत मिलने पर पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Amethi

Published :  19 June 2026, 12:00 PM IST