लकड़ी और कंडों से जला चूल्हा! अमेठी में सपा नेता का प्रदर्शन, जानिये पूरा मामला

अमेठी के ग्राम बासूपटी में सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव ने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और सिलेंडर की किल्लत के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ लकड़ी और कंडों के चूल्हे पर खाना बनाकर सरकार पर निशाना साधा।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 March 2026, 10:39 AM IST

Amethi: रसोई गैस के बढ़ते दाम और सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर अमेठी में गुरुवार (13 मार्च) को विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के नेता जयसिंह प्रताप यादव ने ग्राम बासूपटी में ग्रामीणों के बीच लकड़ी और कंडों से चूल्हा जलाकर भोजन बनाया और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के “अच्छे दिनों” का सिलेंडर अब खाली हो चुका है और आम जनता गैस के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

चूल्हे पर खाना बनाकर जताया विरोध

सपा नेता जयसिंह प्रताप यादव ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पारंपरिक चूल्हे पर भोजन बनाकर यह संदेश देने की कोशिश की कि गैस सिलेंडर की उपलब्धता और कीमतें आम लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लोग घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं पा रहे हैं। गैस एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं को बताया जा रहा है कि बिना डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) के सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।

नेम प्लेट पर ‘IAS’ लिखकर सालों तक जमाता रहा रोब! मेरठ में खुली पोल तो निकली चौंकाने वाली सच्चाई

“सर्वर डाउन है तो जनता क्या करे?”

जयसिंह प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि कई उपभोक्ताओं को यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि गैस कंपनियों का सर्वर डाउन है और डीएसी कोड उपलब्ध नहीं हो पा रहा। उन्होंने कहा कि अगर सर्वर काम नहीं कर रहा तो इसमें जनता की क्या गलती है। सर्वर को सुचारु रूप से चलाना सरकार और कंपनियों की जिम्मेदारी है। ऐसी स्थिति में लोगों के भीतर स्वाभाविक रूप से आक्रोश पैदा हो रहा है।

पासबुक के नाम पर सिलेंडर न देने का आरोप

सपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कई जगहों पर उपभोक्ताओं से पुरानी पासबुक दिखाने के बहाने सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने इसे अमानवीय बताते हुए कहा कि घरों में बच्चे और बुजुर्ग भूखे बैठे हैं और लोग गैस के अभाव में परेशान हो रहे हैं।

ईरान-इजरायल जंग में बड़ा सवाल, अली खामेनेई को मारकर भी क्या ईरान से हार गया ट्रंप?

उन्होंने दावा किया कि इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी कर रहे हैं और मजबूर उपभोक्ताओं से कई गुना ज्यादा कीमत वसूली जा रही है।

“ऑक्सीजन के बाद अब गैस सिलेंडर के लिए भटक रही जनता”

जयसिंह प्रताप यादव ने कहा कि एक समय था जब लोग ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए भटक रहे थे और अब रसोई गैस के सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और आम जनता महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कमी से परेशान है।

जनता क्या चाहती है?

सपा नेता ने कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग फिर से लकड़ी और कंडों के सहारे चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और जनता अब पूर्ववर्ती विकास वाली समाजवादी अखिलेश सरकार चाहती है।

Location : 
  • Amethi

Published : 
  • 13 March 2026, 10:39 AM IST