अब कार्यालय नहीं, गांव में होगा काम! किसानों की ये परेशानी दूर करने अमेठी के गांव पहुंचा प्रशासन

अमेठी में NH-931 चौड़ीकरण से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन ने गांव स्तर पर शिविर शुरू किए हैं। नेवादा किशुनगढ़ में किसानों की भुगतान पत्रावलियां मौके पर जुटाई गईं, जिससे दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 26 September 2026, 6:40 PM IST

Amethi: उत्तरप्रदेश के अमेठी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-931 के चौड़ीकरण से प्रभावित किसानों के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी राहत की पहल शुरू की है। अब किसानों को प्रतिकर यानी मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रशासन गांव-गांव शिविर लगाकर मौके पर ही जरूरी दस्तावेज और भुगतान संबंधी पत्रावलियां जुटा रहा है।

नेवादा किशुनगढ़ में लगा विशेष शिविर

शनिवार को तहसील गौरीगंज क्षेत्र के ग्राम नेवादा किशुनगढ़ में विशेष प्रतिकर भुगतान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में प्रभावित भू-स्वामियों की भुगतान संबंधी पत्रावलियां मौके पर ही संकलित की गईं।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रभावित किसानों को प्रतिकर भुगतान की औपचारिकताओं को सरल बनाकर समय से मुआवजा उपलब्ध कराना है।

ये भी पढ़ें: 10 सेकंड की रील और पार्टी की छवि… अखिलेश ने प्रवक्ताओं को दिए सख्त संदेश, बोले- डिबेट में जाने से पहले तैयारी जरूरी

NH-931 चौड़ीकरण से प्रभावित हैं किसान

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-931 के प्रतापगढ़-अमेठी-गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग के किलोमीटर 0.00 से 68.00 तक 2 लेन प्लस पेव्ड शोल्डर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। परियोजना के लिए जिन किसानों की भूमि प्रभावित हुई है, उन्हें नियमानुसार प्रतिकर राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

ये भी पढ़ें: Indian Railway: कानपुर से दिल्ली का सफर होगा और भी आसान, रेलवे ने सेंट्रल से आनंद विहार के बीच दैनिक मेल ट्रेन को दी मंजूरी

गांव में ही जुटाए जा रहे दस्तावेज

एडीएम ने बताया कि शिविर में ग्राम प्रधान और जागरूक किसानों के सहयोग से बड़ी संख्या में भू-स्वामियों के दस्तावेज जुटाए गए। इससे किसानों को अलग-अलग कार्यालयों में जाकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने की परेशानी से राहत मिली।

प्रशासन का लक्ष्य है कि पात्र किसानों को उनकी प्रतिकर राशि बिना अनावश्यक देरी के सीधे बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए गांव स्तर पर दस्तावेजों का सत्यापन और संकलन किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: अमेठी में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला, दोषी सुरजीत निषाद को 20 साल की कैद

दूसरे गांवों में भी लगेंगे शिविर

एडीएम ने बताया कि परियोजना से प्रभावित अन्य गांवों में भी चरणबद्ध तरीके से ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी और प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आएगी।

एडीएम ने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए ग्राम प्रधान, ग्रामीणों और तहसील गौरीगंज की राजस्व टीम की सराहना की।

Location :  amethi

Published :  26 September 2026, 6:40 PM IST