हिंदी
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उद्योग पति राजेश अग्रहरि (Img: Dynamite News)
Amethi: अमेठी बस स्टॉप पर भीषण गर्मी और उमस के बीच यात्रियों को राहत देने के लिए एक नई पहल की गई है। राघव राम सेवा संस्थान की ओर से बस स्टॉप पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से कई जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस पहल के तहत बस स्टॉप पर वाटर कूलर, हाइब्रिड कूलर, बड़े पंखे और बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
इस सुविधा का लाभ केवल अमेठी के लोगों को ही नहीं, बल्कि सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली और आसपास के अन्य जनपदों से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को भी मिलेगा।
राघव राम सेवा संस्थान की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उद्योगपति राजेश अग्रहरि ने सोमवार को इन सुविधाओं का समर्पण किया। उन्होंने यात्रियों के लिए वाटर कूलर, हाइब्रिड कूलर, बड़े पंखे और बैठने के लिए वीआईपी श्रेणी की कुर्सियों की व्यवस्था कराई। इस पहल का उद्देश्य बस का इंतजार कर रहे लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाना है, ताकि उन्हें खुले में खड़े होकर परेशान न होना पड़े।
ये कोई फिल्म नहीं, हकीकत है! खाड़ी देश में कमाई 58 लाख रुपये, लौटे तो मिला ऐसा धोखा कि उड़ गए होश
मीडिया से बातचीत करते हुए राजेश अग्रहरि ने कहा जैसा राजा वैसे प्रजा हम खुली आंखों से देख रहे हैं कि हमारे प्रदेश के और देश के मुखिया आम लोगों की राहत के लिए सदैव काम कर रहे हैं उन्हीं से प्रेरणा लेकर के हम भी अच्छे कार्य को करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने आगे बताया कि आते-जाते हमने देखा कि वहां आम लोग बस के इंतजार में गर्मी में खड़े रहते हैं। उनके दुख दर्द को समझते हुए हमने ₹ 5 लाख से वहां पर पानी पीने के लिए वाटर कूलर, बैठने के लिए बेंच और हवा के लिए पंख और कुलर का समर्पण किए हैं।
अब बस स्टॉप पर आने वाले यात्रियों को पीने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध रहेगा। वहीं हाइब्रिड कूलर और बड़े पंखे उमस भरी गर्मी में राहत देंगे। बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियों से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से यात्रियों को पेयजल और गर्मी से बचाव जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ता था। नई व्यवस्था से बस का इंतजार पहले की तुलना में अधिक आरामदायक हो सकेगा।
अमेठी बस स्टॉप से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सुल्तानपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़ सहित अन्य जिलों के लिए यात्रा करते हैं। ऐसे में यहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का लाभ हजारों यात्रियों को मिलेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की व्यवस्था सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे गर्मी के मौसम में लोगों को काफी राहत मिलेगी।
Location : Amethi
Published : 6 July 2026, 6:39 PM IST