अमेठी में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बड़ा सियासी उलटफेर! प्रवीण सिंह के फैसले से क्यों मची हलचल?

अमेठी में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। भादर ब्लॉक प्रमुख और बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रवीण सिंह बसपा में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उनके साथ सैकड़ों समर्थकों के भी बसपा में शामिल होने का दावा किया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 November 2026, 2:34 PM IST

अमेठी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। जिले में भी सियासी समीकरण बदलने के संकेत मिलने लगे हैं। भादर ब्लॉक प्रमुख और बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रवीण सिंह अब बसपा का दामन थामने जा रहे हैं। करीब चार दशक तक बीजेपी संगठन में अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारी निभाने वाले प्रवीण सिंह ने पार्टी छोड़ने की वजह बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक जीवन में सक्रिय हैं। विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पार्टी में किनारे किए जाने का उन्हें दुख था। प्रवीण सिंह ने बसपा से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर की है।

चार विधानसभा चुनावों में टिकट के लिए किया था प्रयास

बीजेपी नेता प्रवीण सिंह ने विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी को लेकर अपने पुराने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007, 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में उन्होंने टिकट के लिए प्रयास किया था। हर बार पार्टी ने दूसरे उम्मीदवारों को मौका दिया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल टिकट नहीं मिलने की वजह से उन्होंने बीजेपी नहीं छोड़ी है।

बीजेपी छोड़ बसपा में शामिल होंगे प्रवीण सिंह

प्रवीण सिंह ने आगे कहा कि अब वह पांच साल और इंतजार नहीं करना चाहते। उन्होंने अपनी उम्र और राजनीति में बिताए लंबे समय का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने करीब 40 साल समाज और संगठन में काम किया है। अब वह बसपा के माध्यम से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं।

बसपा में शामिल होने के कार्यक्रम में कई पदाधिकारी रहेंगे मौजूद

बसपा में शामिल होने के कार्यक्रम को लेकर उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, एमएलसी दिनेश चंद्रा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रवीण सिंह के मुताबिक उनके साथ करीब 60 से 70 प्रमुख लोग बसपा की सदस्यता लेंगे। 500 से 600 अन्य साथी भी बसपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जो लोग आज शामिल हो रहे हैं, उनमें से 70 प्रतिशत लोग बीजेपी के ही हैं।

एक घर में जुटे थे 20-25 लोग, अचानक पहुंची पुलिस; अमेठी में 10 गिरफ्तार, जांच में सामने आया धर्म परिवर्तन का खेल

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अमेठी में सियासी चर्चा तेज

प्रवीण सिंह यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी कर रहे थे। अमेठी में बीजेपी छोड़कर बसपा में शामिल होने के उनके फैसले से राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि बसपा प्रवीण सिंह को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाती है या नहीं।

Location :  Amethi

Published :  26 November 2026, 2:34 PM IST