सिद्धार्थनगर: रसोई गैस सिलेंडर में बड़ा खेल? वजन कराया तो खुल गई पोल, वीडियो वायरल

सिद्धार्थनगर के उसका ब्लॉक स्थित सोहास दरम्यानी गांव में गैस सिलेंडर में घटतौली का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि 30 किलो बताकर दिए जा रहे सिलेंडर का वजन करने पर महज 27 किलो और कुछ ग्राम निकला।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 November 2026, 4:44 PM IST

सिद्धार्थनगर: रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के बीच अगर उपभोक्ताओं को सिलेंडर में पूरी गैस भी न मिले तो उनकी परेशानी बढ़ना लाजिमी है। सिद्धार्थनगर जिले के उसका ब्लॉक अंतर्गत सोहास दरम्यानी गांव में गैस सिलेंडर में कथित घटतौली का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गैस एजेंसी से मिलने वाले सिलेंडरों में 2 से 3 किलो तक गैस कम दी जा रही है। मामले को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है।

2 से 3 किलो तक गैस कम मिलने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सूपा राजा गैस एजेंसी से वितरित किए जा रहे सिलेंडरों में आए दिन घटतौली की जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर समय से पहले ही खत्म हो जाता है और महीने भर भी नहीं चल पाता। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने वितरक को पकड़ा

मामला उस समय सामने आया, जब ग्रामीणों ने मौके पर ही गैस वितरक विशाल को पकड़ लिया। इस दौरान सिलेंडर का वजन कराया गया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों का दावा है कि जहां सिलेंडर का कुल वजन 30 किलो बताया जा रहा था, वहीं तौल करने पर उसका वजन 27 किलो और कुछ ग्राम निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने वितरक से कम वजन को लेकर सवाल-जवाब किए।

वितरक ने एजेंसी और ऊपर के स्तर पर जताई गड़बड़ी की आशंका

ग्रामीणों के मुताबिक, जब वितरक विशाल से सिलेंडर में कम गैस होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि गैस की चोरी एजेंसी और उससे पहले के स्तर पर होती है। हालांकि, वितरक के इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

“आएगा तो बाबा ही” के गानों पर जमकर थिरके ग्रामीण, सिद्धार्थनगर में लक्ष्मी विसर्जन के दौरान मचा गजब का धमाल

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। लोगों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि गैस की घटतौली या चोरी की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी उपभोक्ता के साथ इस तरह की धोखाधड़ी न हो।

ग्रामीणों ने बताया कि एक तरफ रसोई गैस की कीमतों से आम आदमी पहले ही परेशान है। वहीं दूसरी तरफ सिलेंडर में कथित घटतौली उसकी जेब पर दोहरी मार डाल रही है।

विभागीय अधिकारियों से संपर्क की कोशिश

मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों के अनुसार संतोषजनक जवाब मिलने के बजाय टालमटोल की स्थिति सामने आई।

Location :  Siddharthnagar

Published :  11 November 2026, 4:44 PM IST