हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Sant Kabir Nagar: संतकबीरनगर में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी अतुल तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का वादा कर संबंध बनाए और बाद में मारपीट व दवा देने से उसका गर्भपात हो गया।
खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मूल रूप से धनघटा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। करीब आठ वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन विवाह के छह माह बाद ही उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
पति की मृत्यु के बाद वह अपने माता-पिता के साथ रहने लगी। बाद में बच्चे की तबीयत खराब रहने पर इलाज के लिए वह खलीलाबाद शहर के एक मोहल्ले में किराये का कमरा लेकर रहने लगी थी।
महिला का आरोप है कि उसी मोहल्ले में अतुल तिवारी भी कई वर्षों से रह रहा था। 10 सितंबर 2025 को दोपहर करीब दो बजे आरोपी उसके कमरे में आया और अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
महिला ने आरोप लगाया कि 15 मार्च को आरोपी उसके कमरे पर आया और शादी की बात को लेकर विवाद करने लगा। इस दौरान उसने मारपीट की, जिससे उसके पेट में चोट लग गई।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने बाद में उसे कुछ दवा दी। दवा खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और गर्भपात हो गया। घटना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sant Kabir Nagar
Published : 14 May 2026, 3:55 PM IST
Topics : abortion Police Action rape Sant Kabir Nagar wedding