
प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से लगाई गुहार
Sonbhadra: सोनभद्र में अवैध बालू खनन का खेल अब सिर्फ पर्यावरण या नियमों का मामला नहीं रह गया, बल्कि यह खुलेआम हिंसा और दबंगई तक पहुंच चुका है। ताजा घटना में सपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ मारपीट और गाली-गलौज के आरोप ने पूरे इलाके को हिला दिया है। मामला इतना गंभीर हो गया कि सियासी हलकों में भी हलचल मच गई और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया। सवाल यह है कि आखिर खनन के इस खेल में कानून कब तक बेबस बना रहेगा?
सोनभद्र जनपद के चोपन थाना क्षेत्र में 12 अप्रैल की शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच यह घटना मीतापुर इलाके में हुई। सपा नेता अनिल यादव के अनुसार, वह अपने दो साथियों के साथ गांव पहुंचे थे और वहां से नदी किनारे चले गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि खनन से जुड़े 12 से 16 लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। पहले गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी गई। अनिल यादव ने बताया कि उनके साथ मौजूद पप्पू कोल को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया। बाद में उसे चोपन थाने लाया गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सोनभद्र में बिजली की चिंगारी से भड़की आग, सैकड़ों बोझ गेहूं राख, पशु भी झुलसे
बताया जा रहा है कि इस इलाके में अवैध बालू खनन को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर निर्धारित पट्टा क्षेत्र से बाहर खनन किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर जब सपा नेता मौके पर पहुंचे, तो विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं में नाराजगी साफ नजर आई। सपा का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह से मिला और पूरे मामले की शिकायत की। नेताओं ने मांग की कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
रॉबर्ट्सगंज से सांसद छोटेलाल खरवार ने भी इस मामले को गंभीर बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि रुद्रा माइनिंग द्वारा निर्धारित क्षेत्र से बाहर अवैध खनन किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि जब इस मामले की जानकारी लेने की कोशिश की गई, तो खनन से जुड़े लोगों ने मारपीट की। उन्होंने प्रशासन से सच्चाई सामने लाने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
सोनभद्र में 50 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहे थे सप्लाई
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sonbhadra
Published : 13 April 2026, 3:21 PM IST