हिंदी
शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों में विश्वास और सामाजिक मर्यादाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवती ने आरोप लगाया है कि शादी का वादा कर उसे वर्षों तक भरोसे में रखा गया, शारीरिक संबंध बनाए गए और जब विवाह की बात अंतिम चरण में पहुंची तो आरोपी युवक ने शादी से साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, करीब चार से पांच वर्ष पहले उसका विवाह गोला क्षेत्र निवासी युसुफ उर्फ राज पुत्र सलीम उर्फ गुड्डू के साथ तय हुआ था। रिश्ता तय होने के बाद दोनों परिवारों के बीच लगातार संपर्क बना रहा। एक-दूसरे के घर आना-जाना भी शुरू हो गया और शादी की तैयारियों को लेकर चर्चाएं होती रहीं। युवती का कहना है कि इसी दौरान आरोपी युवक ने उसे विश्वास में लिया और शादी का भरोसा दिलाते हुए उसके साथ नजदीकियां बढ़ाईं। परिवारों के बीच तय रिश्ते के कारण उसने भी युवक पर पूरा भरोसा किया।
सीएचओ दीपक पाण्डेय मौत मामला: गोर्रा किनारे खेत में मिले कपड़े, जांच में बढ़ी हत्या की आशंका
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी युवक ने विवाह का आश्वासन देकर कई बार युवती को अपने साथ बाहर ले गया। इस दौरान उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब भी युवती ने इसका विरोध किया या शादी को लेकर सवाल उठाए, आरोपी जल्द विवाह होने की बात कहकर उसे आश्वस्त करता रहा। पीड़िता का कहना है कि सार्वजनिक रूप से दोनों परिवारों के बीच शादी की बात तय होने के कारण उसे कभी संदेह नहीं हुआ कि उसके साथ धोखा किया जा रहा है।
युवती के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से आरोपी और उसके परिवार का व्यवहार बदलने लगा। जब उसके परिजनों ने शादी की तारीख तय करने और अन्य तैयारियों को लेकर बातचीत करनी चाही तो उन्हें टालमटोल जवाब मिलने लगे। आरोप है कि 3 अप्रैल को आरोपी युसुफ उर्फ राज ने फोन कर साफ शब्दों में शादी करने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने दोबारा घर आने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी।
गोरखपुर से वाराणसी जाते समय ट्रेन से गिरा युवक, क्षेत्र में सनसनी पढ़िए पूरी खबर
मामले को गंभीरता से लेते हुए गोला पुलिस ने आरोपी युसुफ उर्फ राज, उसकी मां शबनम और पिता सलीम उर्फ गुड्डू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 351(3) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 10 June 2026, 1:16 PM IST