अखिलेश यादव ने जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा, जानिए केशव मौर्य, मायवती और नीतीश कुमार के बारे में क्या-क्या बोले…

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो चुका है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता करके केंद्र और यूपी दोनों सरकारों पर तीखे हमले किये। जानिए क्या खास बोले अखिलेश..

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 7 March 2026, 7:45 PM IST
Lucknow: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो चुका है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी  के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता करकेे केंद्र और यूपी दोनों सरकारों पर तीखे हमले किये। उन्होंने जनहित के कई मुद्दों पर भाजपा सरकार पर तीखे हमले किये और सपा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में हुए तमाम कार्यों की याद भी दिलाई।
यूपी से लेकर दिल्ली तक की राजनीति अखिलेश यादवके  निशाने पर रही। महंगाई, कानून-व्यवस्था, चुनाव आयोग, विदेश नीति, सांप्रदायिक राजनीति से लेकर भाजपा के अंदरूनी मसलों पर अखिलेश खूब बोले।

जब जाएंगे भाजपाई, तभी हटेगी महंगाई

अखिलेश ने महंगाई और टैक्स को लेकर केंद्र और यूपी सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार लगातार टैक्स लगा रही है और दूसरी तरफ महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।
आज ही LPG पर 60 रुपये और बढ़ गए। एक बार जो चीज महंगी हो गई वह बाद में कम नहीं होती।
उन्होंने कहा कि जहां-जहां बीजेपी की सरकार है, वहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गाड़ियों की कीमत ज्यादा होने का कारण भी भारी टैक्स है। उनके अनुसार गाड़ियों पर लगभग 50 प्रतिशत तक टैक्स लगाया जा रहा है, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी समझ में एक ही बात आती है कि जब जाएंगे भाजपाई तभी हटेगी महंगाई।”

पुलिस और कानून व्यवस्था पर सवाल

सपा प्रमुख ने कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कानपुर से खबर आई कि पुलिस के लोगों की कॉल डिटेल निकल गई। जब कॉल डिटेल निकली तो पता चला कि अपराधियों को वही जानकारी देते थे।

बीजेपी के गाने पर करवाएंगे FIR

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोगों ने समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक गाना लॉन्च किया है। उन्होंने कहा, “बीजेपी के लोगों ने एक नया गाना लॉन्च किया है, उस पर हम FIR लिखवाएंगे। हमें समझ आ जाएगा कि वो पकड़े नहीं जाएंगे और नहीं पकड़े गए तो समझ लीजिए कि बीजेपी के लोग हैं।”

सपा सरकार के काम गिनाए

अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के दौरान हुए कामों का जिक्र करते हुए बताया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए थे।  सपा सरकार ने एक्सप्रेसवे बनाया, लैपटॉप बांटे, रिवर फ्रंट बनाया और बहुत से बड़े फैसले लिये। यूपी में सबसे ज्यादा थर्मल प्लांट सपा सरकार में लगे। बीजेपी ने यूपी में एक भी थर्मल प्लांट बनाया हो तो बताएं। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने लोकभवन, कैंसर इंस्टीट्यूट, बड़ी यूनिवर्सिटी, डायल 100, एंबुलेंस व्यवस्था और रिवरफ्रंट जैसे कई बड़े काम किए।

सिसवा में वरिष्ठ सपा नेता शैलेश सुल्तानिया के पिता का निधन, पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

चुनाव आयोग पर आरोप

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के लोगों ने आवाज न उठाई होती तो कई जगह वोट कटवाने की तैयारी की जा रही थी।

उन्होंने कहा, “इलेक्शन कमीशन से पूछिए कि नंदलाल के वोट करवाने या दस्तखत कराने वाला कौन था। अगर सपा वालों ने शोर न मचाया होता तो हर विधानसभा में इन्होंने वोट कटवाने की तैयारी की थी। सरोजनीनगर में एक ही व्यक्ति के दस्तखत से कई वोट काटे जा रहे थे।”

ईरान-इजराइल युद्ध पर  बोले

प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने ईरान-इजराइल युद्ध का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युद्ध के चलते जो लोग विदेशों से  घर वापस आना चाहते हैं, उन्हें सुरक्षित भारत लाने की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने कहा कि रूस भारत का पुराना मित्र है और अगर रूस से सस्ता तेल मिलता है तो भारत को और ज्यादा तेल खरीदना चाहिए, ताकि देश की अर्थव्यवस्था बेहतर हो सके।

 नीतीश कुमार और मायावती पर ली चुटकी

अखिलेश यादव राजनीति पर भी खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि 2024 में बने इंडिया गठबंधन के दौरान विपक्षी दल नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2019 में समाजवादी पार्टी और बसपा के गठबंधन के समय उनकी पार्टी मायावती को प्रधानमंत्री पद के लिए आगे बढ़ाना चाहती थी। उन्होंने तंज कसा कि लगता है भाजपा नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य के रूप में ही राजनीतिक रिटायरमेंट देना चाहती है।

अखिलेश यादव की प्रेस वार्ता (Img- Internet)

 सनातन को बदनाम किया जा रहा

सपा प्रमुख ने संवाददाता सम्मेलन में  शंकराचार्य  को लेकर भी भाजपा को घेरा।  उन्होंने कहा, "शंकराचार्य एक विचार भी हैं। हम सब चाहते हैं कि गाय की सेवा हो, लेकिन जिस तरह उन पर बदनाम करने के आरोप लगाए जा रहे हैं, उससे शंकराचार्य के साथ-साथ सनातन को भी बदनाम किया जा रहा है।”

कन्नौज पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, भाजपा पर किया तीखा हमला; दिया ये बड़ा बयान

PDA सरकार बनाने का दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनेगी।  उन्होंने कहा कि समाज के शोषित और पीड़ित वर्गों को जोड़कर समाजवादी पार्टी प्रदेश में मजबूत विकल्प बनेगी।

केशव मौर्य को मिले नया हेलीकॉप्टर

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में धुआं भरने के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने बड़ी बात कही। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें नया वाला हेलीकॉप्टर नहीं मिला होगा। हालांकि, गंभीर लहजे में अखिलेश यादव ने कहा कि हम कामना करते हैं, वे स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर एक मशीन है। हम सब लोग इस मशीन में उड़ते हैं। किसी के साथ भी इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए। मशीन को अच्छा रहना चाहिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो नया हेलीकॉप्टर आया है, वह उन्हें मिलना चाहिए।

शिवपाल यादव भी सरकार पर बरसे

प्रेस वार्ता में शिवपाल यादव ने भी सरकार पर जमकर हमला  किया। उन्होंने कहा कि आज की सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। उन्होंने कहा, “इतनी भ्रष्ट सरकार अभी तक के इतिहास में नहीं हुई। सारे रिकॉर्ड भ्रष्टाचार के इस सरकार ने तोड़ दिए। ”

इजरायल-ईरान युद्ध के बीच सपा प्रमुख का बड़ा बयान, जानिये क्या बोले अखिलेश यादव?

कइयों ने ली सपा की सदस्यता

इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। अखिलेश ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग सपा से जुड़ रहे हैं, जिससे यह साफ है कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर बढ़ रहा है। उन्होंने पूर्व डीआईजी राम शरद राम समेत कई लोगों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी और मजबूत होगी।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 7 March 2026, 7:45 PM IST