अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- आंबेडकर की सबसे ज्यादा प्रतिमा इसी राज में टूटी

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन में 72 जिलों में 151 आंबेडकर प्रतिमाएं तोड़ी गई। अखिलेश ने आरक्षण और प्रशासनिक नियुक्तियों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 September 2026, 5:54 PM IST
google-preferred

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को लेकर बड़ा हमला बोला है। सपा प्रदेश समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा शासन के दौरान संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर की सबसे ज्यादा प्रतिमाएं तोड़ी गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 72 जिलों में 151 प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया गया। अखिलेश यादव ने दावा किया कि हर साल 15 से ज्यादा प्रतिमाएं तोड़े जाने के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि बलिया जिले में सबसे ज्यादा प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुई हैं।

अखिलेश ने पूछा- इन घटनाओं का जिम्मेदार कौन?

सपा अध्यक्ष ने सरकार से सवाल किया कि आंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कितनी कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि कई मामलों में अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। अखिलेश यादव के मुताबिक, 14 मामलों में गिरफ्तारी हुई है, 45 मामलों में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है, जबकि 8 मामलों में नामजद शिकायत की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 84 मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, ये आंकड़े अखिलेश यादव द्वारा बताए गए हैं।

भाजपा आंबेडकर और आरक्षण के पक्ष में नहीं: अखिलेश

अखिलेश यादव ने आरक्षण के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा आरक्षण के पक्ष में नहीं है। उन्होंने लेटरल एंट्री और आउटसोर्सिंग व्यवस्था को इसका उदाहरण बताया। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के अधिकारियों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है।

चुनावी जिम्मेदारियों में प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारियों में भी पीडीए वर्ग को पर्याप्त भागीदारी नहीं मिलती है। उन्होंने दावा किया कि ऐसी जिम्मेदारियों में 10 प्रतिशत से भी कम प्रतिनिधित्व दिया जाता है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक न्याय और समान भागीदारी के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

प्रदेश समिति बैठक के बाद दिया बयान

अखिलेश यादव ने यह बयान सपा प्रदेश समिति की बैठक के बाद दिया। बैठक में पार्टी संगठन और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा हुई। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा लगातार सामाजिक समीकरणों और संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। वहीं, भाजपा की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया आना बाकी है।

Location :  Lucknow

Published :  20 September 2026, 4:47 PM IST

Related News

Advertisement