
समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव (image source: dynamite news)
Noida International Airport/ Jewar Aiprort: राजधानी दिल्ली के करीब नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द ही यात्रियों के लिये खुलने वाला है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं के शुरू होने का कई लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब यहां आने-जाने के हवाई यात्रा के किराये को लेकर भी अपडेट सामने आ रहे हैं। यूपी की राजधानी लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट के किराये को लेकर सपा सांसद डिंपल यादव शनिवार को भाजपा सरकार पर बरस पड़ीं।
अपने संसदीय क्षेत्र मैनपुरी में पत्रकारों से बातचीत में डिंपल यादव ने लखनऊ से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के महंगे किराये को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। डिंपल यादव ने पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा कि जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ का किराया करीब ₹10,000 बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति अगर ऐसी ही रही तो आम आदमी के लिए हवाई सफर करना और भी मुश्किल हो जाएगा।
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के किराये को लेकर सपा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट का किराया ₹10,000 बताया जा रहा है, जिससे आम आदमी के लिए हवाई सफर मुश्किल होता जा रहा है। डिंपल ने भाजपा सरकार पर निजीकरण और बढ़ती महंगाई को लेकर भी… pic.twitter.com/DTnYhSk2qa
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 9, 2026
उन्होंने कहा कि जितना निजीकरण भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हुआ है, उतना पहले कभी नहीं हुआ। भाजपा सरकार एयरपोर्ट, रेलवे और कई सरकारी संस्थानों का तेजी से निजीकरण कर रही है। डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी पूंजी बढ़ाने के लिए लगातार किराये बढ़ा रही है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।
सपा सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार में सारी चीजों के किराए बढ़ते जा रहे हैं, चाहे वह हवाई जहाज हो या रेलवे। आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई बड़ी त्रासदी होती है तो एयरलाइंस कंपनियां टिकटों के दाम कई गुना बढ़ा देती हैं। ₹10,000 का टिकट सीधे तीन गुना तक पहुंच जाता है, जो आम जनता के साथ अन्याय है।
डिंपल यादव ने यह भी कहा कि सरकारी संस्थानों के निजी हाथों में जाने से आरक्षण व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। युवाओं को सरकारी नौकरियों में मिलने वाला आरक्षण धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है। वहीं, I-PAC और समाजवादी पार्टी के करार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनावी रणनीति बनाने वाली कई संस्थाएं काम करती हैं और समाजवादी पार्टी अपने स्तर पर लगातार काम कर रही है।
Location : Lucknow
Published : 9 May 2026, 6:49 PM IST