
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- Pinterest)
Agra: आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र स्थित टेढ़ी बगिया चौकी के पास मंगलवार को रोडवेज बसों में सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार, सैटलाइट बस स्टेशन के सामने शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
विवाद के बाद एक महिला बस परिचालक ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय उनके चालक साथी को ही सार्वजनिक रूप से पीटते हुए चौकी ले गई। महिला का आरोप है कि बाद में दूसरे पक्ष से सांठगांठ करने के बाद चौकी में मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे चौकी के अंदर बंद कर दिया और थप्पड़ों से मारपीट की।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे बूथ के अंदर बंद रखकर प्रताड़ित किया गया। घटना के बाद वह लोगों के सामने रो पड़ी और अपने शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए न्याय की मांग करती रही।
Agra News: थार की टक्कर से युवक की मौत, फिर सड़क पर ऐसा बवाल कि पुलिस भी रह गई बेबस
घटना के दौरान क्षेत्र में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब लोगों ने महिला के साथ कथित मारपीट का विरोध किया तो पुलिस पर मोबाइल फोन छीनने के भी आरोप लगे। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी पक्ष के साथ गलत व्यवहार हुआ है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वायरल वीडियो के चलते यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामले में एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उनके अनुसार, सवारी भरने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के चालकों को शांतिभंग की कार्रवाई के तहत दाखिल किया गया है।
Agra News: सड़क पर कोहरे का कहर, ईको–कैंटर की जोरदार टक्कर में 7 घायल; पढ़ें पूरी खबर
एसीपी ने महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस ने किसी प्रकार की मारपीट नहीं की है। केवल चौकी पर पूछताछ की गई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी पुलिसकर्मी द्वारा किसी का मोबाइल फोन नहीं छीना गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि थाना और चौकी परिसर में वीडियो बनाना कानून के अनुसार गलत है।
वीडियो वायरल होने और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब सभी की नजर जांच पर टिकी है। स्थानीय लोग और संबंधित पक्ष निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Location : Agra
Published : 23 June 2026, 2:28 PM IST