
महिला होटल की चौथी मंजिल पर पानी की टंकी के पास छिपी
Agra: इरादतनगर थाना क्षेत्र में एक होटल के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक व्यक्ति ने अपने साले को कथित तौर पर एक महिला के साथ होटल में पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सरसा निवासी हरवीर सिंह मंगलवार दोपहर अपनी ससुराल जा रहे थे। रास्ते में मुबारकपुर मोड़ के पास स्थित एक होटल के बाहर उन्होंने अपने साले को कुछ लोगों के साथ देखा। हरवीर को शक हुआ तो वह होटल के अंदर पहुंच गए। वहां उन्होंने अपने साले को एक महिला के साथ कमरे में देख लिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
हरवीर सिंह का आरोप है कि उनके साले की हरकतों से उसका परिवार परेशान है। उन्होंने साले को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात बढ़ गई और गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। होटल के बाहर सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद यूपी-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख साला और उसके साथ मौजूद लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस ने होटल में जांच शुरू की। इसी दौरान पता चला कि महिला होटल की चौथी मंजिल पर पानी की टंकी के पास छिपी हुई है। बताया गया कि वह पुलिस से बचने के लिए वहां जाकर बैठ गई थी।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद महिला को नीचे उतारा। इसके लिए सीढ़ी का सहारा लेना पड़ा। होटल की छत पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने महिला से पूछताछ की और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। हालांकि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हुआ है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
Location : Agra
Published : 11 June 2026, 2:38 PM IST