Agra News: स्टील कारोबार में बड़ा खेल! बिना ई-वे बिल लाखों का माल पकड़ा गया, राज्यकर विभाग की छापेमारी से हड़कंप

राज्यकर विभाग की टीम ने लोहा और स्टील कारोबार में बड़ी टैक्स चोरी का खुलासा किया है। बिना ई-वे बिल माल की ढुलाई और ITC के जरिए टैक्स भुगतान में गड़बड़ी सामने आई है। विभाग ने कई दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 12 June 2026, 10:29 AM IST

Agra: राज्यकर विभाग की सचल दल और विभागीय टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लोहा और स्टील कारोबार में चल रही टैक्स चोरी का पर्दाफाश किया है। सूचना के आधार पर की गई इस जांच में तीन व्यापारियों के वाहनों और फर्मों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच के बाद विभाग ने कई दस्तावेज जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बिना ई-वे बिल चल रहा था कारोबार

जांच के दौरान सबसे बड़ा मामला वाहन संख्या यूपी 81 एएफ 2018 से जुड़ा सामने आया। यह वाहन मेसर्स चामुंडा स्टील द्वारा बिना ई-वे बिल के माल की खरीद-फरोख्त कर रहा था। वहीं एक अन्य फर्म के व्यावसायिक स्थल पर रेकी के दौरान वाहन संख्या यूपी 83 एटी 0028 खड़ा पाया गया। इस वाहन के संबंध में भी ई-वे बिल पोर्टल पर कोई रिकॉर्ड नहीं मिला, जिससे विभाग को संदेह और गहरा गया।

आगरा के होटल में हंगामा: जीजा ने साले को महिला के साथ पकड़ा, सड़क पर हुई मारपीट

लाखों की टैक्स चोरी का खुलासा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले में लाखों रुपये की टैक्स चोरी की गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह गड़बड़ी लंबे समय से चल रही हो सकती है, जिसकी जांच अब विस्तार से की जा रही है। जांच के बाद संबंधित फर्मों से जुड़े अन्य कारोबारियों की भी सूची तैयार की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

ITC के जरिए टैक्स भुगतान में गड़बड़ी

जांच में यह भी सामने आया कि व्यापारी अधिकतर कर भुगतान इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के माध्यम से कर रहे थे। वहीं वास्तविक वैल्यू एडिशन पर नकद टैक्स का भुगतान बेहद कम पाया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह पैटर्न टैक्स चोरी की ओर स्पष्ट संकेत देता है और इसी आधार पर आगे की गहन जांच की जा रही है।

अचानक 60 किमी रफ्तार आंधी ने मथुरा-आगरा में मचाई तबाही, बिजली घंटों गायब, जानिये कैसे टूटी पूरी व्यवस्था

उच्च अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई अपर आयुक्त ग्रेड-1 पंकज गांधी और ग्रेड-2 अंजनी कुमार अग्रवाल के निर्देश पर की गई। संयुक्त आयुक्त एसआईबी बीडी शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान स्टॉक मिलान में कई अनियमितताएं पाई गईं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।

दस्तावेज और बही-खाते जब्त

कार्रवाई के दौरान विभाग ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और बही-खाते जब्त किए हैं। व्यापारी दोनों वाहनों और लेन-देन के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बाद में व्यापारियों ने टैक्स जमा करने का आश्वासन दिया, लेकिन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक कार्रवाई जारी रहेगी।

Location :  Agra

Published :  12 June 2026, 10:29 AM IST