लड़के के साथ लड़की हुई फरार तो मां को पुलिस ने किया इतना परेशान, अंत में करना पड़ा सुसाइड, गाजियाबाद में तनाव का माहौल

साहिबाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया। जिस युवक पर किशोरी को ले जाने का आरोप है, उसकी मां ने जहरीला पदार्थ खा लिया और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद स्वजन ने थाने के सामने शव रखकर जाम लगाया और पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 October 2026, 6:38 PM IST

Ghaziabad News: साहिबाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में किशोरी के लापता होने के मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है। एक युवक की मां ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद गुस्साए स्वजन ने शनिवार को टीला मोड़ थाने के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दी। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। हालात को देखते हुए मौके पर कई थानों का पुलिसबल तैनात किया गया।

14 साल की किशोरी के लापता होने से शुरू हुआ मामला

बताया गया कि टीला मोड़ थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी से 27 सितंबर को 14 वर्षीय किशोरी लापता हुई थी। किशोरी के स्वजन ने एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस किशोरी की तलाश में जुटी थी। इसी मामले में जिस युवक पर आरोप लगाया गया, उसकी मां और परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही थी। महिला के स्वजन का आरोप है कि किशोरी के परिवार और पुलिस की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

पुलिस और किशोरी के स्वजन ने किया उत्पीड़न

महिला के परिवार का आरोप है कि किशोरी को बरामद करने की मांग को लेकर पुलिस और किशोरी के स्वजन ने युवक के परिवार पर दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान कई बार उनके साथ बदतमीजी भी की गई। परिवार का कहना है कि इन घटनाओं की वजह से महिला काफी तनाव में थी। स्वजन के मुताबिक, लगातार दबाव और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।

30 सितंबर की रात खाया था जहरीला पदार्थ

30 सितंबर की रात महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शुक्रवार रात उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिवार को सौंपा गया।

थाने के सामने शव रखकर लगाया जाम

शनिवार दोपहर शव घर पहुंचने के बाद स्वजन उसे लेकर टीला मोड़ थाने के सामने पहुंच गए। यहां उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ विरोध जताया। स्वजन का आरोप था कि किशोरी को बरामद करने के नाम पर उनके परिवार को लगातार परेशान किया गया। हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों का पुलिसबल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

Location :  Ghaziabad

Published :  3 October 2026, 6:38 PM IST