
मिट्टी से लदी ट्राली सीज
Maharajganj : फरेंदा तहसील क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया। लगातार मिल रही शिकायतों के बीच एसडीएम फरेंदा शैलेंद्र गौतम और क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा ने संयुक्त अभियान चलाकर ग्राम भगवंतनगर परसिया में मिट्टी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहन चालक मिट्टी परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्राली को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने इलाके में अचानक छापेमारी की। इस दौरान मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली संदिग्ध हालत में गुजरती दिखाई दी। अधिकारियों ने वाहन को रोककर जांच की तो पता चला कि बिना अनुमति मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा था। इसके बाद टीम ने मौके पर ही वाहन को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
एसडीएम शैलेंद्र गौतम ने साफ कहा कि शासन के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ सख्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है। राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
महराजगंज में खुशी की लहर: ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ा, अब 6 महीने और संभालेंगे जिम्मेदारी
क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अवैध कारोबार पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। प्रशासन की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त और जांच कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी अवैध खनन के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Maharajganj
Published : 27 May 2026, 9:14 PM IST