हिंदी
आगरा में प्रदर्शनकारियों पर इंस्पेक्टर के डंडे का वीडियो वायरल (Image: Social Media)
Agra News: आगरा के एत्मादपुर में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में चल रहा प्रदर्शन उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। आरोप है कि धक्का लगने के बाद गुस्साए इंस्पेक्टर क्राइम ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां चलानी शुरू कर दीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया है।
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि इंस्पेक्टर क्राइम धक्का लगने के बाद गुस्से में लाठी चलाते दिखाई दे रहे हैं। एक व्यक्ति उन्हें रोकने की कोशिश करता है, लेकिन इंस्पेक्टर पीछे हटने के बजाय भाग रहे कार्यकर्ताओं की ओर बढ़ जाते हैं। आरोप है कि उन्होंने एक युवक को पकड़कर लाठी मारी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त देवेश सिंह ने सिस्टम सुधार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि इंस्पेक्टर ने उनके कंधे और पैर पर भी डंडा मारा।
सिस्टम सुधार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर ने बताया कि कार्यकर्ता यूजीसी के नए नियमों के विरोध में शांतिपूर्ण रैली निकालकर ज्ञापन देने जा रहे थे। उनका आरोप है कि पुलिस ने रास्ते में रोकने की कोशिश की और इसी दौरान इंस्पेक्टर क्राइम ने लाठीचार्ज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर संगठन आगे बड़ा आंदोलन करने की तैयारी कर रहा है।
मंगलवार को क्षत्रिय सभा और सिस्टम सुधार संगठन के कार्यकर्ता एत्मादपुर तहसील ज्ञापन देने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हो गई।आरोप है कि धक्का लगने से इंस्पेक्टर क्राइम गिर गए, जिसके बाद उन्होंने गुस्से में लाठी चलाना शुरू कर दिया। घटना के बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने इंस्पेक्टर को घेर लिया।
मामला बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने इंस्पेक्टर को एक अधिवक्ता के चैंबर में ले जाकर सुरक्षित किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर बैठकर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी की। एसीपी देवेश सिंह के समझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला और तहसील पहुंचकर धरना जारी रखा। करीब दो घंटे बाद ज्ञापन लेने के बाद प्रदर्शनकारी वापस लौटे।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे खंदौली के गांव वमान में क्षत्रिय सभा यमुनापार के अध्यक्ष भरत सिंह सिकरवार और सिस्टम सुधार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों युवा जुटे थे। इसके बाद कार्यकर्ता बाइक और कारों के काफिले के साथ तहसील की ओर निकले। सूचना मिलने पर एसडीएम सुमित सिंह और एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर दी थी। इसको लेकर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और हंगामा शुरू कर दिया। बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाई गई और प्रदर्शनकारी बरहन तिराहे से होते हुए एत्मादपुर तहसील पहुंचे। फिलहाल वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच को लेकर स्थिति साफ होने का इंतजार है।
Location : Agra News
Published : 2 September 2026, 4:32 PM IST