प्रतापगढ़ में जाम हटवाने पर भड़क गया स्टैंड मालिक; होमगार्ड पर बरसाए थप्पड़, Video Viral

प्रतापगढ़ के राजापाल टंकी चौराहे पर जाम हटवाने से नाराज अवैध टैम्पू स्टैंड संचालक ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 14 November 2026, 4:12 PM IST

प्रतापगढ़: शहर के व्यस्त चौराहे पर खाकी वर्दी पर हमला कर दबंगई दिखाने का मामला सामने आया है। सड़क पर जाम हटवाकर यातायात सुचारु कराने की कोशिश करना एक होमगार्ड को भारी पड़ गया। अवैध टैम्पू स्टैंड संचालक ने बीच चौराहे पर ही जवान की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जाम हटवाने पर भड़क गया स्टैंड संचालक

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के राजापाल टंकी चौराहे का है। यहां अवैध रूप से टैम्पू खड़े किए जाने के चलते अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। चौराहे पर ड्यूटी कर रहा होमगार्ड सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराने में जुटा था।

 

होमगार्ड के साथ अभद्रता की

इसी दौरान अवैध टैम्पू स्टैंड संचालक को यह बात नागवार गुजर गई। आरोप है कि उसने पहले होमगार्ड के साथ अभद्रता की और फिर विवाद बढ़ने पर बीच चौराहे पर ही मारपीट शुरू कर दी।

पुलिस की मौजूदगी में होती रही मारपीट

घटना के समय चौराहे पर यातायात पुलिस की तैनाती भी थी। इसके बावजूद आरोपी ने खुलेआम होमगार्ड के साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई।

मौके पर पहुंचे सीओ

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ यातायात रविंद्र सिंह और यातायात प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी स्टैंड संचालक को हिरासत में ले लिया।

वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो और होमगार्ड की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Pratapgarh

Published :  14 November 2026, 4:06 PM IST