छात्राओं से अभद्रता के आरोप पर विश्वविद्यालय में संग्राम! ABVP ने तोड़ा गेट, कुलपति कार्यालय का घेराव

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में छात्राओं से अभद्रता के आरोप पर बवाल हो गया। इतिहास विभाग के प्रोफेसर बीडी शुक्ला के खिलाफ ABVP ने प्रदर्शन कर कुलपति कार्यालय का घेराव किया। गेट का ताला तोड़कर अंदर पहुंचे छात्र नेता धरने पर बैठ गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। कुलपति ने जांच समिति गठित कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 November 2026, 5:05 PM IST

Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में छात्राओं से अभद्रता के आरोप ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। इतिहास विभाग के प्रोफेसर बीडी शुक्ला पर ललित कला संस्थान की छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ। आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता मैदान में उतर आए। गुस्साए छात्र नेताओं ने कुलपति कार्यालय का घेराव किया और गेट का ताला तोड़कर अंदर पहुंच गए।

छात्राओं से अभद्रता के आरोप ने पकड़ा तूल

पूरा मामला आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से जुड़ा है। यहां इतिहास विभाग के प्रोफेसर बीडी शुक्ला पर ललित कला संस्थान की छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। आरोप सामने आने के बाद विश्वविद्यालय में इस मामले को लेकर विरोध शुरू हो गया। छात्राओं से जुड़े इस मामले को गंभीर बताते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

गोरखपुर जाने वालों की हुई मौज! आगरा के ईदगाह स्टेशन पर रुकेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए कब और कितने बजे पहुंचेगी?

ABVP ने कुलपति कार्यालय का किया घेराव

प्रोफेसर बीडी शुक्ला के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ABVP कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र नेता कुलपति कार्यालय पहुंचे और वहां घेराव करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया, जब छात्र नेता कुलपति कार्यालय की ओर जाने वाले गेट तक पहुंच गए। बताया जा रहा है कि गेट पर ताला लगा हुआ था, जिसे तोड़कर प्रदर्शनकारी अंदर दाखिल हो गए।

आंबेडकर यूनिवर्सिटी में बवाल (IMG: Dynamite News)

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प

विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्र नेताओं के बीच झड़प भी हो गई। इस दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई नोकझोंक के चलते परिसर में तनाव का माहौल बन गया। वहीं, ABVP कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारी छात्र नेताओं का कहना है कि सिर्फ जांच समिति गठित करने से काम नहीं चलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

चाहे जो हो जाए, वादा नहीं टूटेगा: आगरा में बेगम के लिए दुनिया से अकेले भिड़ा हिंदू पति, आखिरी इच्छा भी की पूरी

कुलपति ने गठित की जांच समिति

मामले के बढ़ते विवाद के बीच विश्वविद्यालय की कुलपति अंशु रानी ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी है। कुलपति के मुताबिक, जांच समिति मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं को भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।

निलंबन की मांग पर अड़े छात्र नेता

इस पूरे घटनाक्रम के बाद विश्वविद्यालय परिसर में छात्र राजनीति और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। एक तरफ ABVP आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं दूसरी तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कह रहा है।

Location :  Agra

Published :  20 November 2026, 5:05 PM IST