
भगत सिंह-राजगुरु-सुखदेव बने शिवभक्त
Muzaffarnagar : 2026 की कांवड़ यात्रा में मुजफ्फरनगर में एक ऐसी कांवड़ पहुंची, जिसे देखकर हर कोई रुक गया। इस अनोखी कांवड़ में सिर्फ आस्था ही नहीं बल्कि देशभक्ति का संदेश भी दिखाई दिया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली जा रही चार शिवभक्तों की टोली ने क्रांतिकारी शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए ऐसा रूप धारण किया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
मुजफ्फरनगर में 2026 कांवड़ यात्रा के दौरान एक अनोखी कांवड़ पहुंची, जिसमें शिवभक्त भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की वेशभूषा में नजर आए। क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि देने और युवाओं में देशभक्ति जगाने के मकसद से हरिद्वार से दिल्ली तक यह यात्रा निकाली जा रही है।#KanwarYatra2026 pic.twitter.com/Lhy5Ilhg8s
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 7, 2026
शुक्रवार को जब यह कांवड़ मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध शिव चौक पर पहुंची तो लोगों की भीड़ इसे देखने के लिए जुट गई। इस टोली में तीन शिवभक्तों ने देश के महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का रूप धारण किया हुआ था।
कांवड़ियों की भीड़ के बीच मुजफ्फरनगर में मस्जिद पर लगाए पर्दे, जानिए क्या है कारण
इन तीनों शिवभक्तों ने अपने हाथों में हथकड़ी पहन रखी थी, जबकि चौथा साथी ब्रिटिश शासन के सिपाही की वेशभूषा में उनकी हथकड़ी की रस्सी पकड़े हुए चल रहा था। इस दृश्य ने लोगों को आजादी के संघर्ष और क्रांतिकारियों के बलिदान की याद दिला दी।
इस अनोखी कांवड़ यात्रा का उद्देश्य सिर्फ धार्मिक आस्था नहीं बल्कि युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाना भी है। टोली के सदस्यों का कहना है कि आज की युवा पीढ़ी को देश के वीर क्रांतिकारियों के बलिदान के बारे में जानना जरूरी है।
भगत सिंह की वेशभूषा में चल रहे टोली सदस्य शुभम सिंह ने बताया कि वे देश के वीर क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि देने के लिए यह यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, उनका बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाना चाहिए।
टोली के सदस्य हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली के न्यू अशोक नगर स्थित मंदिर तक जा रहे हैं। यात्रा के दौरान यह शिवभक्त रोजाना करीब 20 से 30 किलोमीटर तक पैदल सफर कर रहे हैं।
शुभम सिंह ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के रहने वाले हैं और फिलहाल दिल्ली में रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के जरिए वह युवाओं को देश के वीर सपूतों के बारे में जागरूक करना चाहते हैं।
कांवड़ यात्रा में शामिल इस अनोखे स्वरूप को देखने के लिए मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर लोगों का जमावड़ा लग गया। कई लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक यात्रा के साथ देश के इतिहास और बलिदान को याद करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 8 August 2026, 1:54 AM IST