
घायल युवक
मेरठ: जनपद मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव में शनिवार को एक तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खड़े युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक करीब 10 से 15 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, गंभीर हालत में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में तत्काल एक्शन लिया और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
घर के बाहर खड़े युवक को आई तेज टक्कर
घटना उस समय हुई, जब गौरव पुत्र रतन सिंह अपने घर के बाहर कुछ पुलिस कर्मियों से बातचीत कर रहा था। इस दौरान उसका छोटा भाई भी वहीं मौजूद था। अचानक गांव की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बेकाबू होकर गौरव को सीधी टक्कर मार दी।
हवा में उछला, छाती और कमर में आई गंभीर चोटें
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी तेज थी कि गौरव करीब 10-15 फीट की ऊंचाई तक उछल गया और जमीन पर आकर बुरी तरह गिरा। इस भीषण हादसे में उसकी गर्दन, छाती और कमर में गहरी चोटें आई। आनन-फानन में परिजनों ने उसे सरधना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया।
कार में सवार थे तीन लोग, पुलिस ने रोका वाहन
घटना स्थल पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रही कार को मौके पर ही रोक लिया। कार में तीन लोग सवार थे, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
इलाज जारी, गांव में तनाव का माहौल
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने हादसे को लापरवाही का नतीजा बताया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही जांच, दोषियों पर होगी कार्रवाई
सरधना थाना प्रभारी ने बताया कि घायल गौरव की हालत गंभीर है। उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह पता लगाया जा रहा है कि कार चालक नशे में तो नहीं थे।
Location : Meerut
Published : 7 June 2025, 8:00 PM IST