मुजफ्फरनगर में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, 55 वर्षीय हारुन की पीट-पीटकर हत्या

मुजफ्फरनगर के छपार में दो पक्षों के बीच पुराना विवाद अचानक हिंसक हो गया। मारपीट में एक व्यक्ति की मौत के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। आखिर दो दिन पुरानी कहासुनी में ऐसा क्या हुआ कि मामला खूनी संघर्ष तक पहुंच गया?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 November 2026, 4:49 PM IST
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में 55 वर्षीय हारुन की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एहतियात के तौर पर कस्बे में पुलिस बल तैनात किया गया है।

दो दिन पुरानी कहासुनी ने फिर पकड़ा तूल

पूरा मामला मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के कस्बे का है। यहां पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।

मौके पर तनाव का माहौल (Image: Dynamite News)

गुरुवार को इसी पुरानी कहासुनी को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। शुरुआत में हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस दौरान 55 वर्षीय हारुन गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

मारपीट में 55 वर्षीय हारुन की मौत

मृतक की पहचान हारुन पुत्र महमूद, निवासी जहानखा नामक इलाके, थाना छपार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पीआरवी और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

हारुन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अमृत जैन भी पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में 55 वर्षीय हारुन की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस घायलों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

कस्बे में पुलिस पिकेट तैनात, फिलहाल शांति

घटना के बाद किसी तरह की दोबारा हिंसा या तनाव की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। कस्बे में पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  20 November 2026, 4:49 PM IST