हिंदी
कुशीनगर में विशेष अभियान दिवस पर मतदाता सूची सुधार और नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए बड़ा अभियान चलाया गया। डीएम ने खुद बूथों का निरीक्षण कर BLO को पारदर्शिता और तेजी से काम करने के निर्देश दिए, जबकि लोगों को अपने नाम और फोटो की जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।
कुशीनगर डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने चलवाया विशेष अभियान
Kushinagar: चुनाव आते ही जिस चीज का सबसे ज्यादा खेल शुरू होता है, वह है वोटर लिस्ट। नाम गायब, फोटो गलत या फिर पूरा विवरण ही उल्टा। ऐसी शिकायतें हर चुनाव में सामने आती हैं। लेकिन इस बार प्रशासन ने पहले ही मोर्चा संभाल लिया है। 22 फरवरी को जिले भर में विशेष अभियान दिवस चलाकर मतदाता सूची की सफाई और नए वोटरों को जोड़ने की बड़ी कार्रवाई की गई।
बूथ पर खुला सुधार का काउंटर
जिले की सभी विधानसभाओं के हर मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी पूरी मतदाता सूची लेकर बैठे नजर आए। सार्वजनिक रूप से सूची पढ़कर सुनाई गई, ताकि कोई भी गड़बड़ी छूट न जाए। जिन लोगों ने नाम, पता या फोटो में गलती बताई, उनकी शिकायत मौके पर दर्ज कर ली गई और सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। नए वोटरों के लिए फॉर्म-6 भरवाकर ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराया गया।

डीएम का सरप्राइज निरीक्षण
अभियान की मॉनिटरिंग के लिए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर खुद मैदान में उतर आए। खजुरिया के संविलियन प्राथमिक विद्यालय और पडरौना के गोस्वामी तुलसीदास इंटर कॉलेज के कई बूथों पर पहुंचकर उन्होंने BLO से सीधे सवाल किए। कितने नए आवेदन आए, कितनी गड़बड़ियां मिलीं और फोटो सुधार का काम कितना हुआ—इसकी पूरी रिपोर्ट ली गई। डीएम ने साफ कहा कि काम में ढिलाई नहीं चलेगी और पारदर्शिता सबसे जरूरी है।
मतदाताओं से सीधी बातचीत
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बूथ पर मौजूद लोगों से बातचीत भी की। उन्होंने लोगों से कहा कि अपने नाम, फोटो और पते की जांच जरूर करें, क्योंकि बाद में शिकायत करने से फायदा नहीं होता। प्रशासन का कहना है कि अगर अभी सुधार हो गया तो चुनाव के समय किसी को परेशानी नहीं होगी।

प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी वोटर डिटेल्स जरूर चेक करें। अगर कोई गलती हो तो तुरंत BLO से संपर्क करें। समय रहते सुधार कराने से ही निष्पक्ष और त्रुटिरहित चुनाव संभव होगा।