
Raebareli: जनपद रायबरेली के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यहां एक 14 वर्षीय किशोरी पर उसके ही सगे रिश्तेदार ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें कीं और विरोध करने पर उस पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, किशोरी दोपहर का खाना खाने के बाद घर में अकेली थी। इसी दौरान रिश्ते में चाचा लगने वाला सुशील कुमार घर पहुंचा और कथित तौर पर उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। जब किशोरी ने इसका विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपी आपा खो बैठा और चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में किशोरी के हाथ और पैर में चोटें आईं।
रायबरेली में अनियंत्रित ट्रक का तांडव, दर्जनों वाहनों को मारी टक्कर, एक दर्जन लोग घायल
किशोरी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे घबराकर आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजनों ने तत्काल घायल किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रोहनिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार किशोरी की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
सांसद ने विभिन्न खेलों के विजयी खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर किया सम्मानित, पढ़ें पूरी खबर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, जिसके बाद आरोपी ने किशोरी पर चाकू से हमला किया। पीड़िता की मां की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुशील कुमार को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
Location : Raebareli
Published : 26 December 2025, 1:43 PM IST
Topics : crime news UP Police uttar pradesh उत्तर प्रदेश