पुलिस भर्ती परीक्षा में इतने अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण

महराजगंज में पुलिस भर्ती परीक्षा–2026 के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा संपन्न हुई, लेकिन दो दिनों में कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 15 March 2026, 7:07 PM IST

Maharajganj: जनपद में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा–2026 के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने प्रथम एवं द्वितीय पाली के दौरान राजकीय कन्या इंटर कॉलेज महराजगंज, डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली तथा डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघुली सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों और ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखते हुए शासन और आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह सकुशल और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

महराजगंज में रसोई गैस की वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, देखिये डाइनामाइट न्यूज़ की ग्राउंड रिपोर्ट

इतने परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार राजकीय कन्या इंटर कॉलेज महराजगंज में प्रथम पाली में 323 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 157 अनुपस्थित रहे। डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में 334 उपस्थित और 146 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में शिवजपत सिंह जनता इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली में 349 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 131 अनुपस्थित रहे। वहीं डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघुली में 240 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 178 उपस्थित और 62 अनुपस्थित रहे।

महराजगंज में कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई यूपी पुलिस एसआई भर्ती एग्जाम, 6202 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

इतने केंद्रों पर हुई परीक्षा

जनपद के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में प्रथम पाली में 4560 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3189 उपस्थित रहे, जबकि 1371 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 3174 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 1386 अनुपस्थित रहे।

अधिकारियों के अनुसार दो दिनों में आयोजित परीक्षा के दौरान कुल 5675 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जो बड़ी संख्या मानी जा रही है।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 15 March 2026, 7:07 PM IST