महराजगंज : सोनौली बॉर्डर पर आधी रात का ऑपरेशन! ट्रक खुलते ही सामने आई बड़ी बरामदगी

महराजगंज के सोनौली भारत-नेपाल सीमा पर कस्टम विभाग और SSB की संयुक्त टीम ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान नेपाल से भारत आ रहे एक ट्रक से करीब 13,620 किलोग्राम नीयारा बरामद किया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 August 2026, 11:41 PM IST

Maharajganj : भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में महराजगंज पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोनौली सीमा पर कस्टम विभाग और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली तो अंदर छिपी बड़ी खेप का खुलासा हुआ। ट्रक में करीब 100 बोरियों में भरकर 13,620 किलोग्राम नीयारा छिपाया गया था। कार्रवाई के बाद ट्रक को जब्त कर चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

खुफिया सूचना पर बॉर्डर पर रोका गया ट्रक

जानकारी के मुताबिक, 8 अगस्त को सीमा स्तंभ संख्या 517/2 से करीब 120 मीटर भारत की ओर कस्टम बैरियर के पास तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कस्टम ऑफिस सोनौली और SSB की बी समवाय सोनौली की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई।

टीम ने नेपाल से भारत की ओर आ रहे ट्रक संख्या UP40AT4925 को रोककर जांच शुरू की। पहली नजर में ट्रक सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन तलाशी के दौरान उसमें छिपाई गई बोरियों ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

100 बोरियों में छिपी थी नीयारा की खेप

ट्रक की गहन तलाशी लेने पर करीब 100 बोरियां बरामद हुईं। जब बोरियों को खोलकर जांच की गई तो उनमें नीयारा भरा हुआ मिला। बरामद सामग्री को वजन कराने के लिए नौतनवा क्षेत्र के कुंसेरवा स्थित धर्मकांटा ले जाया गया। वजन करने पर कुल 13,620 किलोग्राम नीयारा पाया गया। इसके बाद संयुक्त टीम ने नीयारा और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।

महराजगंज में कच्ची शराब पर पुलिस का शिकंजा, 10 लीटर अवैध शराब के साथ महिला गिरफ्तार

चालक और क्लीनर से पूछताछ जारी

कार्रवाई के दौरान ट्रक में मौजूद चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में नीयारा कहां से लाया गया था और इसे भारत में कहां पहुंचाया जाना था। इसके अलावा इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

सीमा पर बढ़ाई गई निगरानी

अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी को रोकने के लिए कस्टम विभाग और SSB लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।

Location :  Maharajganj

Published :  8 August 2026, 11:41 PM IST