सेना दिवस के पावन अवसर पर वीरांगना स्पोर्ट एकेडमी आर्मी ट्रेनिंग सेंटर की ओर से फतेहपुर शहर में भव्य और अनुशासित देशभक्ति रैली का सफल आयोजन किया गया। यह रैली देशप्रेम, त्याग और भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित रही, जिसमें बड़ी संख्या में कैडेट्स और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

फतेहपुर में सेना दिवस पर देशभक्ति रैली
Fatehpur: सेना दिवस के पावन अवसर पर वीरांगना स्पोर्ट एकेडमी आर्मी ट्रेनिंग सेंटर की ओर से फतेहपुर शहर में भव्य और अनुशासित देशभक्ति रैली का सफल आयोजन किया गया। यह रैली देशप्रेम, त्याग और भारतीय सेना के शौर्य को समर्पित रही, जिसमें बड़ी संख्या में कैडेट्स और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
देशभक्ति के नारों और संदेशों से सजी यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लिए कैडेट्स “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “सेना के सम्मान में” जैसे गगनभेदी नारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए। रैली का उद्देश्य आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और सेना के प्रति सम्मान प्रकट करना रहा।
रैली में वीरांगना स्पोर्ट एकेडमी के साथ-साथ उसकी दूसरी शाखा दूजी देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज के कैडेट्स ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कैडेट्स का अनुशासन, एकरूपता और जोश लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। सेना की तर्ज पर मार्च करते हुए कैडेट्स ने यह संदेश दिया कि युवा पीढ़ी देश सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है।
देशभक्ति रैली को सागर ग्रुप के चेयरमैन अशोक मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं में देशभक्ति और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं तथा समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं।
वीरांगना स्पोर्ट एकेडमी के चेयरमैन अभिनेष मौर्य ने बताया कि सेना दिवस पर आयोजित यह रैली युवाओं को देश सेवा, अनुशासन और बलिदान की भावना से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों के त्याग और शौर्य को सम्मान देना हम सभी का कर्तव्य है।
अभिनेष मौर्य ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा बच्चों और युवाओं को सेना में भर्ती की तैयारी के लिए निःशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग दी जाती है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अवसर प्रदान कर उन्हें सेना के लिए तैयार करना है।
Dehradun: विकास नगर में लापता युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका
रैली के दौरान शहरवासियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया और भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया। पूरे आयोजन ने फतेहपुर शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।