मिर्जापुर में रेलवे ट्रैक के पास अचानक धंसी मिट्टी, ये सात ट्रेनें डायवर्ट, एक रद्द!

मिर्जापुर-झिंगुरा रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन के निर्माण के दौरान मिट्टी धंसने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। डाउन लाइन बंद, सात ट्रेनें डायवर्ट और एक ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 11 November 2026, 12:50 PM IST

Mirzapur: रेलवे ट्रैक के पास मिट्टी धंसने की घटना से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तीसरी रेल लाइन के निर्माण के दौरान मंगलवार शाम करीब 6:20 बजे अचानक मिट्टी धंस गई। हादसे के बाद सुरक्षा को देखते हुए डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन तत्काल रोक दिया गया। वहीं, अप लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही जारी है। इस घटना का असर रेल यात्रियों की यात्रा पर भी पड़ा है। लंबी दूरी की सात ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं। एक ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है। कई यात्री रास्ते में फंसने से परेशान हैं।

निर्माण कार्य के दौरान अचानक धंसी मिट्टी

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन और झिंगुरा रेलखंड के बीच तीसरी रेल लाइन का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मंगलवार शाम अचानक मिट्टी धंस गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीमों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन पर रेल परिचालन बंद कर दिया गया।

सात ट्रेनों के बदले गए रास्ते

मिट्टी धंसने के कारण रेलवे ने सात ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का फैसला लिया है। इनमें ट्रेन संख्या 12274, 12398, 12368 और 12947 शामिल हैं। इन ट्रेनों को प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज रामबाग, बनारस, वाराणसी जंक्शन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते चलाया जाएगा।

इसके अलावा 10 नवंबर को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 26505 और 9 नवंबर को यात्रा शुरू करने वाली ट्रेन संख्या 12167 को भी प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज रामबाग और बनारस के रास्ते संचालित किया जाएगा। ट्रेन संख्या 22971 का रूट भी बदल दिया गया है।

मिर्जापुर में रेलवे ट्रैक के पास बड़ा हादसा, मिट्टी में धंसा इलेक्ट्रिक पोल, 20 ट्रेनें प्रभावित

एक ट्रेन निरस्त, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

इस घटना के चलते ट्रेन संख्या 63238 (सूबेदारगंज-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन) को निरस्त कर दिया गया है। फिलहाल यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर खड़ी है। वहीं, प्रयागराज से चोपन जाने वाली ट्रेन को विंध्याचल स्टेशन पर ही रोक दिया गया है। इससे ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डाउन लाइन पर मरम्मत का काम जारी

रेलवे की तकनीकी टीमें डाउन लाइन को सुरक्षित करने और मिट्टी धंसने से प्रभावित हिस्से को दुरुस्त करने में जुटी हैं। रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता ट्रैक को सुरक्षित बनाकर रेल परिचालन सामान्य करना है। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने भी घटना को लेकर जानकारी दी है।

Location :  Mirzapur

Published :  11 November 2026, 12:44 PM IST